शाहजहांपुर: मुठभेड़ में तीन ऑटोलिफ्टर गिरफ्तार, 11 बाइकें बरामद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, शाहजहांपुर। शाहजहांपुर की खुदागंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान पीलीभीत के टॉप टेन अपराधी समेत तीन ऑटोलिफ्टरों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से लूटी व चोरी गई 11 बाइक व असलहा बरामद हुए हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश करने …

अमृत विचार, शाहजहांपुर। शाहजहांपुर की खुदागंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान पीलीभीत के टॉप टेन अपराधी समेत तीन ऑटोलिफ्टरों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से लूटी व चोरी गई 11 बाइक व असलहा बरामद हुए हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।

थानाध्यक्ष वकार अहमद खान ने बताया कि एसपी एस आनंद के निर्देश व एसपी ग्रामीण निपुण अग्रवाल के पर्यवेक्षण व सीओ तिलहर परमानंद पांडेय के निर्देशन में अपराध की रोकथाम के लिए शुक्रवार रात टीम के साथ क्षेत्र में काननू व्यवस्था बनाये रखने व वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए भ्रमण कर रहे थे। उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि गांव नवादा दरोबस्त खेड़ा मझखेड़ा देवा नदी के पुल पर तीन व्यक्ति चोरी की बाइकें बेचने के लिए पिकअप में लादने का इंतजार कर रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस ने ऑटोलिफ्टरों की घेराबंदी कर ली। पुलिस से अपने को घिरा देखकर एक बाइक लिफ्टर ने टीम पर फायर कर दिया। इसमें पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। ऑटोलिफ्टरों ने भागने का प्रयास किया लेकिन पुलिस टीम ने तीनों को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से एक तमंचा, दो कारतूस व एक चाकू बरामद हुआ। पकड़े गए बदमाशों में पीलीभीत जिले के कोतवाली क्षेत्र के गांव छोटा खुदागंज निवासी सोनू उर्फ रोहित मौर्या, थाना बीसलपुर क्षेत्र के गांव अहीरवाड़ा निवासी रामपाल व खुदागंज क्षेत्र के मोहल्ला लक्ष्मीपुर निवासी वीरपाल उर्फ पप्पू हाल निवासी बरेली के थाना बारादरी क्षेत्र के मोहल्ला जोगीपुरा शामिल हैं।

आसपास के जनपदों से लूट या चोरी करते थे बाइक

पकड़े गए बाइकलिफ्टरों ने बताया कि वे आसपास के जनपदों में घूम-घूमकर बाइक लूट व चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने 11 चोरी व लूट की बाइक बरामद कीं। आरोपियों के खिलाफ विभिन्न जनपदों में बाइक चोरी व लूट के मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ में उनके पास से और बाइक मिलने की संभावना है।

सोनू पीलीभीत जिले का टॉप टेन अपराधी

सोनू उर्फ रोहित मौर्या पीलीभीत जिले का टॉप टेन अपराधियों में शुमार है। उसके खिलाफ लूट, चोरी समेत विभिन्न संगीन मामलों एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसकी काफी दिनों से तलाश कर रही थी।

शहर में लगातार हो रहीं बाइक चोरी की घटनाएं

बाइकलिफ्टर गैंग के पास से मिली बाइक में पड़े नंबरों के हिसाब से वह दूसरे जनपदों से चोरी की हुई लग रहीं हैं। पुलिस बरामद हुई बाइक के चेचिस नंबर के आधार पर छानबीन कर रही हैं। शहर में लगातार बाइक चोरी की घटनाएं हो रहीं हैं। शहर में भी बाइक गैंग सक्रिय है। पुलिस टीमें उसकी तलाश में जुटी हुई हैं।

खुदागंज पुलिस ने मुठभेड़ में तीन बाइकलिफ्टरों को गिरफ्तार किया है। यह बहुत बड़ी सफलता है। पकड़े गए लिफ्टरों में पीलीभीत का टॉप टेन अपराधी भी शामिल है। पूछताछ के आधार पर और बाइक मिलने की संभावना है। -एस आनंद, एसपी

संबंधित समाचार