Bareilly : मंत्री एके शर्मा बोले- 70 साल में पिछली सरकारों ने लूटा, अब तेजी से हो रहा विकास
बरेली, अमृत विचार। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने शनिवार को जीआईसी आडिटोरियम में 84.55 करोड़ रुपये की लागत की 130 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान मंत्री ने कहा पिछली सरकारों ने 70 साल सत्ता में रहकर खूब लूटा। सरकारी और निजी संपत्तियों पर कब्जे कराए और किए। संपन्न और औद्योगिक रुहेलखंड क्षेत्र को खूब उजाड़ा गया लेकिन अब वह दिन चले गए। यह क्षेत्र औद्योगिक विकास और आर्थिक संपन्नता में आगे बढ़ रहा है।
उत्तर प्रदेश में बरेली क्षेत्र अपनी पहचान बन चुका है। सरकार का उद्देश्य है कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास से जुड़े योजनाओं को लाभ पहुंचे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047'' के लक्ष्य की दिशा में उत्तर प्रदेश सबसे अग्रणी राज्य के रूप में उभर रहा है। अब वो दौर नहीं रहा जब लोग जेल जाते थे और बिना जमानत वापस आ जाते थे। यह सरकार कानून के साथ खिलवाड़ करने की इजाजत नहीं देती।
''विकसित उत्तर प्रदेश, समर्थ उत्तर प्रदेश'' महाअभियान के तहत आयोजित प्रबुद्ध जन सम्मेलन में उन्होंने सड़क निर्माण, नवनिर्मित पार्कों का विकास, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, स्मार्ट लाइटिंग सिस्टम और जलभराव निवारण कार्य जैसी परियोजनाएं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। पीएम आवास के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चाबी प्रदान की और स्वयं सहायता समूहों और स्वच्छता कर्मियों को सम्मानित किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष अध्यक्ष रश्मि पटेल, एमएलसी कुंवर महाराज सिंह, विधायक संजीव अग्रवाल, एमपी आर्या, बहोरन लाल मौर्य, आईवीआरआई के वैज्ञानिक अनुज चौहान, डीएम अविनाश सिंह, नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, मुख्य अभियंता विद्युत ज्ञान प्रकाश, बीजेपी महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना, आईएमए अध्यक्ष अतुल श्रीवास्तव, यूपी चैंबर ऑफ कॉमर्स से राजेश गुप्ता आदि मौजूद रहे।
24 करोड़ की परियोजनाओं पूरी की गईं
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि बरेली में 24 करोड़ रुपये की लागत से विद्युत विभाग की कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं पूरी की गई हैं, जिनमें 95 एमवीए की क्षमता वृद्धि और 33 केवी की नौ किलोमीटर लंबी नई लाइन का निर्माण शामिल है। परियोजनाओं के पूरे होने से शहर और आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बेहतर होगी, जिससे उद्योगों, व्यापार और नागरिकों को सुविधा प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है प्रत्येक घर और उद्योग को 24 घंटे विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करना है। जिले में पिछले तीन साल में एक हजार करोड़ के कार्य हुए हैं। इनमें लगभग 365 करोड़ रुपये के बिजनेस प्लान के तहत काम और आरडीएस योजना में करीब 350 करोड़ के प्रोजेक्ट पूरे किए गए हैं। इस वर्ष भी 86 करोड़ रुपये के कार्यों को मंजूरी दी है। उन्होंने कहा कि आने वाला साल नगर विकास और ऊर्जा विभाग दोनों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। अधिकारियों से कहा कि बरेली को स्वच्छ, सुंदर और तकनीकी रूप से आधुनिक शहर के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य निरंतर जारी रखें।
मेयर बोले-अब कोई ऐसी गली नहीं, जहां स्ट्रीट लाइट नहीं
मेयर डॉ. उमेश गौतम ने कहा कि 2017 में जब नगर निगम की बागडोर संभाली उस वक्त केवल 27 हजार लाइटें शहर में लगी थीं। आज 90 हजार स्ट्रीट लाइटें लगाई जा चुकी हैं। शायद ही कोई गली मोहल्ला ऐसा हो जहां लाइटें न लगी हों। दिसंबर तक सात मीटर या इससे अधिक चौड़ी सड़कों को सीसी बनाए जाने का संकल्प लिया गया है, इसके साथ 2026 में पांच मीटर से छोटी गलियों को सीसी बनाएंगे।
ये भी पढ़ें-Bareilly: ऊर्जा मंत्री के कार्यक्रम में बिजली न हो गुल, इसलिए 10 एसडीओ और 10 जेई रहे तैनात
