Moradabad : प्रेम प्रसंग में मारपीट के बाद रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। कटघर थाना क्षेत्र में युवती से प्रेम प्रसंग के चलते हुई मारपीट के बाद युवक का शव रेलवे ट्रैक पर मिला। मृतक के परिजनों ने मारपीट करने वाले लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाते हंगामा किया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस का कहना है कि युवक की मौत ट्रेन की चपेट में आकर हुई है। अभी तक पीड़ित परिवार ने मामले का शिकायती पत्र पुलिस को नहीं दिया है।

जिले के थाना बिलारी क्षेत्र के गांव धर्मपुर कला निवासी विपिन पुत्र अतर सिंह कटघर क्षेत्र के मोहल्ला गोविंदपुर में किराये के मकान में रहकर कार चलाता था। बताया जाता है कि इसी मकान में कुछ और किरायेदार रहते हैं। एक किरायेदार की बेटी से विपिन का प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस बात की जानकारी युवती के परिजनों को हुई तो बीते शुक्रवार की दोपहर विवाद हो गया। विपिन के साथ मारपीट भी की गई। इसके बाद वह घर से निकल गया। देर शाम विपिन का शव मोहल्ले में रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला। 

मामले की जानकारी पर पुलिस पहुंच गई। परिजनों को बुला लिया। मृतक के पिता अतर सिंह ने बेटे की हत्या करने का आरोप लगाया। इसके बाद पुलिस ने आसपास के लोगों से बात की। कटघर थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि युवक की ट्रेन की चपेट में आकर मौत हुई है। वहां पर कुछ लोगों ने युवक को ट्रेन की चपेट में आते हुए देखा। जिस समय हादसा हुआ उस समय युवक फोन पर बात कर रहा था। परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया है। अभी तक शिकायती पत्र नहीं मिला है। शिकायती पत्र मिलने के बाद जांच कर कार्रवाई की जाएगी। प्रेम प्रसंग में मारपीट की जानकारी नहीं है।

 

संबंधित समाचार