Rampur: तेज रफ्तार कंटेनर घर में घुसा, वृद्धा की मौत, मिलक थाना क्षेत्र में हुआ हादसा मचा कोहराम
रामपुर, अमृत विचार। शनिवार रात को हाईवे पर तेजी से आ रहा कंटेनर अनियंत्रित होकर एक घर में घुस गया। शौच को गई वृद्धा के ऊपर शौचालय की दीवार भर-भराकर गिर गई। जिससे वृद्धा गंभीर रूप से घायल हो गई। उसको उपचार के लिए बरेली ले जाया जा रहा था। जहां रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिलक थाना क्षेत्र के रौरा कला निवासी हरिशचंद्र गंगवार अपनी करीब 65 साल की मां के साथ कैकेयी के साथ घर में रहते हैं। रोजाना की तरह शानिवार को भी सभी लोग घर में ही थे। रात करीब 8 बजे बरेली दिशा से तेज रफ्तार से मुरादाबाद की तरफ जा रहा कंटेनर हाइवे किनारे लगे पेड़ों को उखाड़ते हुए अनियंत्रित होकर दो मंजिला मकान में जा घुसा। हादसे से मकान की दीवारें दहल गई। इस दौरान कैकेयी शौचालय में थी।
उसके ऊपर शौचालय की दीवार गिर जाने के वह मलबे में दब गई थी। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े। उसके बाद मलबे से बाहर निकालकर बरेली की ओर लेकर भागे। जहां रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के बेटे हरिश्चन्द्र गंगवार ने बताया कि हाइवे पर रैलिंग तोड़कर कंटेनर मकान में घुस गया। जिस समय हादसा हुआ उस समय उनकी माता कैकेयी शौचालय में थीं जो कि गंभीर रूप से घायल हो गईं। इलाज के लिए बरेली ले जाते समय उनकी मृत्यु हो गई। हादसे के बाद पुलिस आ गई। घायल चालक को सुबोध पुत्र अब्देश निवासी ग्राम हर्रिया थाना पिहानी जिला हरदोई का बताया गया है। उसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पूरा मकान हो गया क्षतिग्रस्त
कंटेनर के घर में घुस जाने के कारण पूरा मकान क्षतिग्रस्त हो गया गया है। हादसे की आवाज से मकान में बैठे लोग सदमे में आ गए। बाहर निकल कर देखा तो हाइवे की तरफ उनके मकान में क्षतिग्रस्त कंटेनर धंसा पड़ा था। हादसे के बाद चालक चीख-पुकार मचा रहा था। ग्रामीणों ने मलबे को हटाकर कंटेनर चालक को बाहर निकाला। पुलिस ने रात भर कंटेनर को खाली कराती रही। पुलिस ने जब क्रेन से कंटेनर को हटाने का प्रयास किया तो वहां पर मकान स्वामी आ गया। उसने कहा कि कंटेनर के हटते ही उसका मकान ढह जाएगा। इसलिए पहले मकान का निर्माण कार्य कराया जाएगा। उसके बाद ही कंटेनर को हटाना संभव हो सकेगा। पड़ोसी लाजपत राय ने बताया कि कंटेनर से उसके घर में खड़े तीन पेड़, कुट्टी काटने की मशीन व टीन शेड क्षतिग्रस्त हो गए है। जिससे उसका काफी नुकसान हुआ है।
