Moradabad: दरोगा की 'फेसबुकिया गर्लफ्रेंड' ने कर दिया कांड, हनीट्रैप में फंसाकर हड़पे चार लाख

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। फेसबुक के जरिए हुई दोस्ती एक दरोगा के लिए मुसीबत बन गई। मेरठ निवासी महिला पर दरोगा ने हनीट्रैप में फंसा चार लाख रुपये की वसूली और ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाया है। पीड़ित दरोगा ने कोर्ट के आदेश पर आरोपी के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

थाना सिविल लाइंस क्षेत्र की पुलिस लाइन में तैनात दरोगा अर्जुन सिंह ने बताया कि 2022 में वह चौकी प्रभारी बुध बाजार थाना कोतवाली में तैनात थे। उसी दौरान उनके मोबाइल पर फेसबुक से निशा सैनी नाम की फ्रेंड रिक्वेस्ट आई। पहले नजरअंदाज कर दिया, बार-बार रिक्वेस्ट आने पर स्वीकार कर ली। बातचीत के दौरान बताया कि वह मेरठ की है और किसी रेलकर्मी से नौकरी लगवाने के नाम पर ठगी का शिकार हुई है। उसने पीड़ित से पैसे वापस दिलाने में मदद मांगी। 

पीड़ित के मदद करने पर रेलकर्मी संपर्क में नहीं आया, जिसके बाद उन्होंने फेसबुक आईडी बंद कर दी। 2023 में उनका स्थानांतरण थाना छजलैट हो गया। उसी दौरान महिला ने नए नंबर से फोन कर पारिवारिक विवाद में मदद मांगनी शुरू कर दी। मेरठ में प्लॉट खरीदने के सिलसिले में वह मित्र के साथ गए तो महिला ने उन्हें प्लॉट दिखाने और खरीद में मदद की बात कही। मुलाकातों के दौरान महिला ने बताया कि परिवार साथ नहीं देता और आर्थिक स्थिति कमजोर है। कुछ समय बाद उसने पैसे की मांग शुरू कर दी। 

पीड़ित दरोगा का कहना है कि जब उन्होंने पैसे देने से इंकार किया तो उसने धमकी दी कि अगर रकम नहीं दी तो वह झूठे आरोप लगाकर नौकरी खत्म करवा देगी। डर के चलते उन्होंने 15 अप्रैल 2024 को 10 हजार व 23 मई 2024 को 15 हजार गूगल पे से महिला के नंबर पर भेजे। इसके बाद उसने अलग-अलग नंबरों से कॉल कर रुपये मांगने शुरू कर दिए। ब्लैकमेलिंग कर आरोपी अब तक चार लाख रुपये वसूल चुकी है। 

उन्होंने जांच के दौरान पता लगाया कि आरोपी निशा पहले भी कई पुलिसकर्मियों व दरोगाओं को जाल में फंसा चुकी है। उसके खिलाफ दिल्ली और मेरठ के विभिन्न थानों में दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और आईटी एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं। पीड़ित ने डीआईजी और एसएसपी मुरादाबाद को शिकायत भेजी। वहां कार्रवाई नहीं होने पर कोर्ट में गुहार लगाई। कोर्ट के आदेश पर सिविल लाइंस थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना सिविल लाइंस प्रभारी निरीक्षक मनीष सक्सेना ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

संबंधित समाचार