पीलीभीत: बुखार का कहर...मौत की संख्या पहुंची 10, एक और वृद्धा ने दम तोड़ा, पूर्व मंत्री ने परखे हालात
बीसलपुर , अमृत विचार। क्षेत्र के गांव रसिया खानपुर में बुखार का प्रकोप जानेलवा बन चुका है। बुखार से पीड़ित एक और वृद्धा की मौत हो गई। अब तक कुल दस जान जा चुकी है। जिससे गांव में हाहाकार मचा है। पूर्व मंत्री रामसरन वर्मा गांव पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। सीएमओ डॉ.आलोक कुमार भी स्वास्थ्य टीम संग गांव में डेरा डाले रहे। बताते हैं कि बुखार से ग्रसित दर्जनभर से अधिक लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।
क्षेत्र की ग्राम पंचायत रसिया खानपुर में करीब 27 दिनों से बुखार का प्रकोप बना हुआ है। गांव के अमजद हुसैन की पत्नी मेहराज बेगम 80 वर्षीय पिछले एक सप्ताह से बुखार से पीड़ित चल रही थी। तीन दिनों से तबीयत बिगड़ती जा रही थी। महिला का उपचार गांव में स्थित आरोग्य केंद्र पर चल रहा था। रविवार को महिला की मौत हो गई। इसी के साथ बुखार से गांव में मरने वालों की संख्या 10 पहुंच गई है। एक के बाद एक बुखार से मौतों का सिलसिला जारी है। स्वास्थ्य विभाग तमाम प्रयासों के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं कर पा रहा है। बुखार की चपेट में आए लोग बीसलपुर व बरेली के निजी अस्पतालों में अपना उपचार करा रहे हैं। 300 से अधिक लोग अभी भी बुखार से पीड़ित हैं, जबकि गांव के भूरे शाह, जवान शाह, कल्लू शाह, सहित परिवार के छह लोग तेज बुखार से ग्रसित हैं।
इसकेअलावा शमशाद खान के पुत्र शोएब को भी तेज बुखार है। उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। रिजवान की पुत्री जोइया की भी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। चार ग्रामीणो की तेज बुखार आने पर गांव स्थित आरोग्य केंद्र पर भर्ती कराया गया। रविवार को भी सीएमओ की मौजूदगी रही। पूर्व मंत्री रामसरन वर्मा गांव पहुंचे और हालात की जानकारी की। बता दें कि वर्तमान में उनके पुत्र विवेक वर्मा बीसलपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के विधायक हैं। मृतक के घर पहुंच कर परिजनों से मिले और हाल-चाल लिया।
आरोग्य केंद्र पर पहुंचकर वहां भर्ती मरीजों को देखा। दवा वितरण का निरीक्षण किया। सीएमाअे ने बताया कि आरोग्य केंद्र पर मरीज को भर्ती कर उनका उपचार कराया जा रहा है। टीमें बुखार से पीड़ित लोगों की जांच कर रही हैं। जिला चिकित्सालय से दो चिकित्सक रात्रि में इस केंद्र पर तैनात रहकर मरीज का उपचार करेंगे। एक एंबुलेंस गंभीर मरीजों को बीसलपुर चिकित्सालय लाने के लिए उपलब्ध रहेगी।
