चौड़ी होंगी शहर की सड़कें और सिग्नल होंगे हाईटेक, नगर निगम सीएमपी से बदलेगा यातायात व्यवस्था

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

स्मार्ट सिटी सभागार में विशेषज्ञों से लिए सुझाव

लखनऊ, अमृत विचार: नगर निगम ने शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू और आधुनिक बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। सोमवार को लालबाग स्थित स्मार्ट सिटी सभागार में ''लखनऊ व्यापक गतिशीलता योजना'' (सीएमपी) की अंतिम कार्ययोजना पेश की। इसके लागू होने से सड़कें चौड़ी की जाएंगी और सिग्नल हाईटेक होंगे।

अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव की अध्यक्षता में मेसर्स यूएमटीसी संस्था द्वारा पुनरीक्षित सीएमपी का प्रस्तुतीकरण दिया गया। संस्था ने बताया कि लखनऊ में सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करना, सड़क ढांचा सुधारना और वैकल्पिक परिवहन साधनों को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया है। मेट्रो, बस, ई-रिक्शा और साइकिल जैसे साधनों के समन्वित उपयोग से शहर में निजी वाहनों पर निर्भरता घटाने की दिशा में कार्य करेंगे। इसके अतिरिक्त सड़कों की चौड़ाई बढ़ाना, प्रमुख चौराहों का पुनर्विकास और यातायात संकेतों का आधुनिकीकरण किया जाएगा। इससे शहर को जाम, प्रदूषण और असंगठित परिवहन से मुक्त करके एक बेहतर पर्यावरण-संवेदनशील और सुचारू यातायात प्रणाली मिलेगी।

अपर नगर आयुक्त ने कहा कि यह लखनऊ को ''सस्टेनेबल अर्बन मोबिलिटी मॉडल सिटी'' के रूप में विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बैठक में तय किया कि नगर निगम, यातायात पुलिस, स्मार्ट सिटी मिशन और लखनऊ मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन मिलकर क्रियान्वयन में समन्वय करेंगे। सीएमपी से यतायात व्यवस्था, पर्यावरण गुणवत्ता और नागरिक जीवन स्तर में बड़ा सुधार आएगा।

सांसद प्रतिनिधि दिवाकर त्रिपाठी समेत विभिन्न सामाजिक संगठन, उद्योग संघ और यातायात से जुड़े प्रतिनिधियों ने योजना पर अपने विचार रखे। प्रमुख रूप से व्यापार जगत से सुरेश छाबली अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल, अशोक गौतम युवा उद्योग व्यापार मंडल, अनुज पंडित अमीनाबाद व्यापार मंडल, विकास सक्सेना बाजारखाला व्यापार मंडल आदि ने सुझाव दिए। टेंपाे, टैक्सी, ऑटो, ई-रिक्शा आदि एसोसिएशन के अध्यक्ष ने संवाद किया।

संबंधित समाचार