Bareilly : आईजीआरएस में चमका नगर निगम, प्रदेश में मिला दूसरा स्थान
बरेली, अमृत विचार। स्वच्छता सर्वेक्षण में लंबी छलांग लगाने के बाद आईजीआरएस रैंकिंग में भी बरेली नगर निगम ने प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया है। शासन की ओर से सितंबर माह की रैंकिंग जारी की गई है। रैंकिंग में हुए सुधार के बाद निगम अफसर अव्वल स्थान पाने को युद्ध स्तर पर सफाई, पेयजल आपूर्ति के साथ ही शिकायत निस्तारण को प्रमुखता में शामिल कर प्रयास करने की बात कर रहे हैं।
निगम अफसरों के अनुसार, बीते अगस्त में आईजीआरएस में बरेली नगर निगम को प्रदेश में 10वां स्थान मिला था, लेकिन इसके बाद से लगातार सुधार किया जा रहा है। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि सितंबर में बरेली नगर निगम को 100 में से 96 अंक मिले हैं, जबकि अगस्त में 75 अंक के साथ निगम का दसवां स्थान था, अन्य मानकों के साथ सबसे प्रमुख मानक शिकायत संतुष्टि में सार्थक प्रयास किया है। बताया कि आईजीआरएस के साथ ही अन्य मूलभूत सुविधाओं में भी बेहतर काम करके आम जन को लाभांवित करने के लिए निगम प्रयासरत है।
