चित्रकूट : अधिशासी अभियंता कार्यलय में विजीलेंस टीम का छापा, लोड घटाने के लिए रिश्वत लेने के आरोप में दो गिरफ्तार
विजीलेंस टीम ने कार्यालय सहायक, कंप्यूटर आपरेटर को पकड़ा
चित्रकूट, अमृत विचार। बांदा से आई भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम ने राधा लाज में अधिशासी अभियंता के कार्यालय में मंगलवार को छापा मारा। टीम ने कार्यालय सहायक और संविदाकर्मी को छह हजार रुपये घूस लेने के आरोप में पकड़ा। इनके खिलाफ भरतकूप थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
जानकारी के मुताबिक, कर्वी कोतवाली अंतर्गत रानीपुर भट्ट निवासी बसंत लाल पुत्र मुन्ना लाल ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन बांदा इकाई में शिकायत की थी कि उससे औद्योगिक बिजली मीटर का भार 17 किलोवाट से 10 किलोवाट करने के एवज में बिजली कर्मियों द्वारा घूस मांगी जा रही है। इस पर मंगलवार को अपराह्न लगभग एक बजे निरीक्षक श्यामबाबू की अगुवाई में ट्रैप टीम ने राधा लाज स्थित विद्युत वितरण खंड कर्वी कार्यालय में छापा मारा।
टीम ने कार्यालय सहायक तृतीय प्रशांत कुमार पुत्र महेश कुमार निवासी कमासिन (बांदा) और कंप्यूटर आपरेटर (आउटसोर्सिंग) राजाबाबू पुत्र संतोष कुमार निवासी पांडेय कालोनी कर्वी को छह हजार रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। टीम ने साक्ष्य के लिए शिकायतकर्ता के बयान, प्री ट्रैप गोपनीय जांच आख्या, गिरफ्तारी व बरामदगी की वीडियो रिकार्डिंग, रिश्वती नोट मेज की ड्रार से अपने पास रखे हैं।
भरतकूप थाने में दर्ज की गई रिपोर्ट
इस बार टीम दोनों आरोपियों को भरतकूप थाने ले गई, जहां टीम प्रभारी श्याम बाबू ने रिपोर्ट दर्ज कराई। पिछली बार विजीलेंस के छापे के दौरान पकड़े गए दो लोगों को टीम कोतवाली कर्वी ले गई थी। यहां पर तहसील के कर्मचारियों और मीडियाकर्मियों के साथ अन्य लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। माना जा रहा है कि इस वजह से अहतियातन भरतकूप थाने दोनों आरोपियों को ले जाया गया।
