बाराबंकी व्यापारी सुसाइड केस : बाबू जी, ब्याज देते-देते रकम 28 से 42 लाख हो गई... चर्चा में सोशल मीडिया पर वायरल बातचीत का आडियो
बाराबंकी, अमृत विचार। कपड़ा व्यापारी आत्महत्या प्रकरण में मुकदमा दर्ज होने के बाद गेंद पुलिस के पाले में आ गई है। इस बीच सोशल मीडिया पर वायरल आडियो इस समय काफी चर्चा में है। इस आडियो में घटना से पहले की लंबी बातचीत है जिसमें रुपये लेन देन को लेकर गाली गलौज, धमकी, आत्महत्या के लिए उकसाने वाली बातें शामिल हैं। यह आडियो खरा निकला तो जांच में अहम भूमिका निभाएगा। उधर पुलिस सुसाइड नोट में दिए गए नामों की तस्दीक की तैयारी में है।
बताते चलें कि कपड़ा व्यापारी नीरज जैन आत्महत्या प्रकरण में पुलिस ने दर्ज किए गए मुकदमे में कई अहम बिंदुओं को शामिल किया है। जैसे कि घटनाक्रम, मृतक के छोटे भाई केडी का पहुंचना, सुसाइड नोट व काल रिकार्डिंग मिलना, आत्महत्या के लिए उकसाना।
पुलिस की रिपोर्ट में कुल सात लोग नामजद हैं, जिनमें मुख्य नाम उमाकांत उपाध्याय का है जो शहर के लखपेड़ाबाग निवासी रिटायर्ड दरोगा हैं। इस समय मृतक व आरोपी के बीच लंबी बातचीत का जो आडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, उसमें एक आवाज नीरज जैन की तो दूसरी उमाकांत की बताई जा रही। हालांकि अमृत विचार इस आडियो की पुष्टि नहीं करता है।
इस आडियो में प्रमुख बिंदु यह हैं कि नीरज ने 28 लाख की रकम ब्याज पर ली थी, वह ब्याज की अदायगी करते करते अब 42 लाख हो गई है। उमाकांत की धमकी कि या तो खुद को गोली मार लो वरना सरेबाजार मैं मारुंगा। फांसी लगाकर मर जाओ तो सब माफ हो जाएगा। 10 प्रतिशत मासिक ब्याज पर रकम ली गई थी।
बहरहाल इस आडियो की सत्यता की जांच पुलिस कर रही है। वहीं सुसाइड नोट मृतक ने ही लिखा या किसी और ने, यह भी जेरे जांच ही है। पुलिस जांच में कोई भी पहलू छोड़ना नहीं चाहती ताकि घटना का सही रूप सामने आ सके। प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज की जा चुकी है। अन्य बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
