पीलीभीत: पुराने प्रकरणों पर एक्शन न होने पर जताई नाराजगी, केंद्रीय मंत्री से की एक और शिकायत 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, अमृत विचार। दिशा की बैठक के बाहर निकलते ही नगर पालिका पीलीभीत की रार केंद्रीय राज्यमंत्री पीलीभीत सांसद जितिन प्रसाद तक पहुंच गई। एक गुट के चौदह सभासदों ने केंद्रीय राज्यमंत्री को रोका और मांग पत्र सौंपा। इस दौरान पूर्व में की गई शिकायत पर एक्शन न लिए जाने पर नाराजगी जताई गई।

केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में दिशा की बैठक लेने पहुंचे थे। नगरपालिका में सभासदों के बीच लंबे समय से रार छिड़ी हुई है। चेयरमैन के विरोध वाले 14 सभासद भी यहां पहुंच गए। जैसे ही केंद्रीय मंत्री बाहर निकले, उनको काफी देर से इंतजार कर रहे सभासदों ने रोक लिया और अपनी समस्या बताते हुए समाधान कराने की मांग की।  इस दौरान दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि लंबे समय से कुछ वार्ड में किसी प्रकार के निर्माण कार्य नहीं हुए हैं। 

जिसके बारे में एक पत्र पूर्व में उनके द्वारा दिया गया था, लेकिन उस पर अभी तक कोई सुनवाई नहीं हो सकी है। आरोप लगाया कि बिना बजट पास किए और बिना बोर्ड की सहमति से तमाम कार्य कुछ वार्ड में कराए जा रहे हैं। ये भी बताया कि उन वार्ड में काम कराए जा रहे हैं, जिनमें पहले से काफी कार्य हो चुके हैं। संबंधित टेंडर प्रक्रिया को निरसत कराकर दोबारा टेंडर कराने की मांग की है। शिकायत करने वालों में एहतिशाम वली खां, पुष्पा उपाध्याय, महनाज बेगम, सुनीता सिंह, चैतन्य गंगवार, रत्ना शुक्ला, सुरेश कुमार लोधी, माया देवी, शिवम, शिखा वर्मा, राजेंद्र कुमार आदि थे।
 

संबंधित समाचार