पीलीभीत: PWD के गोदाम से बिना गेटपास निकल रहा सामान, चार पहिया वाहन में ले जाए गए लोहे के बोर्ड!

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

पीलीभीत, अमृत विचार: एक बार फिर गोदाम से निकलने वाले सामान में नियमों की अनदेखी का खेल उजागर हुआ है। जिसके बाद पीडब्ल्यूडी के जिम्मेदारों की कार्यशैली पर सवाल उठ गए है। मनमानी इस कदर हावी है कि गोदाम से बड़ी मात्रा में सड़क किनारे लगाए जाने वाले लोहे के बोर्ड गाड़ी में लादकर ले जाए गए। वह भी बिना इंट्री पास बनवाए। यह सामान कहां और कितनी मात्रा भेजा जा रहा है, इसे लेकर भी तस्वीर स्पष्ट नहीं की जा सकी है। इसे लेकर तमाम तरह की चर्चाएं तेज हैं।

बता दें कि प्रकरण लोक निर्माण विभाग से जुड़ा है। सड़कों के निर्माण में गुणवत्ता का खेल अक्सर उजागर होता है। चहेतों को काम देने के आरोप भी पूर्व में लगते रहे हैं। वहीं नकटादाना चौराहा के पास स्थित गोदाम अक्सर चर्चा में रहता है। इस बार मामला गोदाम से बिना इंट्री पास बनवाए करीब ढाई दर्जन लोहे के बोर्ड ले जाने से जुड़ा है। बताते हैं कि एक दिन पूर्व मंगलवार को एक चार पहिया वाहन से 30 बड़े लोहे के बोर्ड गोदाम से निकालकर ले जाए गए। गोदाम से निकलने वाले किसी भी सामान का एंट्री पास बनने का नियम है। मगर, इस सामान को निकालते वक्त कागजी औपचारिकताएं पूरी नहीं की गई। जिससे व्यवस्था पर सवाल उठ गए हैं। यह भी पूरी तरह से स्पष्ट नहीं किया जा सका कि इन बोर्ड का कहां इस्तेमाल किया जाना है।

तो छोटे साहब के कहने पर तोड़े नियम
लोहे के बोर्ड गोदाम से निकाले गए। वाहन चालक का कहना था कि वह तो बस किराए पर वाहन लेकर आया है। कुछ बोर्ड बीसलपुर और बाकी बिलसंडा ले जाकर उतारने को बोला गया है। वहीं, उन बोर्ड को निकलवा रहे चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी का कहना था कि छोटे साहब के आदेश पर बोर्ड भेजे जा रहे हैं। एंट्री पास तो नहीं है। फिर बाद में बनाने की बाद कह दी गई। फिलहाल मामले में झोल की आशंका बनी रही।

गोदाम से निकलने वाले हर सामान को लेकर गेटपास बनाया जाता है। बिना गेटपास के नहीं निकाला जा सकता। फील्ड पर होने के चलते एई के कहने पर एक दिन पूर्व बोर्ड निकलने का पता चला है। इसे दिखवाया जाएगा। - एसके जैन, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी निर्माण।

संबंधित समाचार