Diwali 2025: इस बार 6 दिवसीय दीपोत्सव, धनतेरस से शुरू त्यौहार का संयोग भाई-दूज की डेट और शुभ मूहर्त
लखनऊ, अमृत विचारः इस वर्ष दीपावली पर्व 18 अक्टूबर धनतेरस से शुरू होकर 23 अक्टूबर भाई दूज तक मनाया जाएगा। सामान्यत: पांच दिनों तक मनाया जाने वाला यह पर्व इस बार छह दिन तक चलेगा, जिसमें धनतेरस, नरक चतुर्दशी, दीपावली, गोवर्धन पूजा और भाई दूज प्रमुख तिथियां रहेंगी।
धनतेरस पर कार्तिक मास की त्रयोदशी तिथि का शुभ संयोग 18 अक्टूबर दोपहर 12:18 बजे से 19 अक्टूबर दोपहर 1:51 बजे तक रहेगा। इस दौरान उत्तरा फाल्गुनी नक्षत्र, कन्या राशि में चंद्रमा, ब्रह्म योग और शिववास योग जैसे शुभ संयोग बन रहे हैं। ज्योतिषाचार्य एसएस नागपाल के अनुसार यह संयोग धनवृद्धि और शुभ कार्यों की सिद्धि के लिए उत्तम माना गया है।
इस बार सोने-चांदी की बढ़ी कीमतों के कारण ग्राहक पीतल, कांसा और तांबे के बर्तनों की ओर रुख कर रहे हैं। ये धातुएं क्रमशः बृहस्पति, बुध और सूर्य ग्रहों से जुड़ी हैं, जो शुद्धता, ऊर्जा और समृद्धि का प्रतीक मानी जाती हैं। शनिवार के कारण स्टील के बर्तन खरीदने में संकोच करने वाले लोग रविवार दोपहर 1:51 बजे तक इन्हें खरीद सकते हैं।
दीपावली पूर्व शुभ खरीदारी मुहूर्त:
16 अक्टूबर: बिजनेस डील, करियर निर्णय
17 अक्टूबर: गैजेट, होम डेकोर
18 अक्टूबर (धनतेरस): बर्तन, सोना-चांदी, हेल्थ इंश्योरेंस
19 अक्टूबर: वाहन, प्रॉपर्टी, इलेक्ट्रॉनिक्स
20 अक्टूबर (दीपावली): पूजन सामग्री, बहीखाता, श्रीयंत्र
