कुरनूल: प्रधानमंत्री मोदी के सभा स्थल पर बड़ा हादसा, करंट लगने से एक किशोर की मौत
कुरनूल। आंध्र प्रदेश के कुरनूल ज़िले में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जनसभा के लिए निर्धारित पार्किंग क्षेत्र में स्पर्शाघात से 15 वर्षीय लड़के की मौत हो गयी। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि प्रधानमंत्री की सभा से पहले, लड़का झंडे के डंडे के रूप में इस्तेमाल करने के लिए लोहे का एक पाइप ले कर जा रहा था, जो गलती से एक हाई-टेंशन बिजली के तार से टकरा गया और स्पर्शाघात (करंट लगने) से उसकी मौत हो गयी।
कुरनूल शहर के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) बाबू प्रसाद ने बताया, ‘‘लड़का पाइप उठाने की कोशिश कर रहा था, और वह बिजली के तार के संपर्क में आ गया और उसे तुरंत करंट लग गया।’’ प्रसाद ने बताया कि मृतक कुरनूल ज़िले के मुनगालापाडु गांव का रहने वाला था और पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
