बदायूं : समस्या सुनने पहुंचे सांसद, ग्रामीणों ने दिखाए काले झंडे
सांसद ने हरसंभव मदद का दिया भरोसा, सीओ ने कहा कि चल रही है विवेचना
ओरछी, अमृत विचार: प्रधान पद को लेकर फैजगंज बेहटा क्षेत्र के गांव खेड़ादास में दो पक्ष आमने-सामने आ गए थे। एक पक्ष के 42 नामजद और अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज करके पुलिस ने 9 आरोपियों को जेल भेजा था। दूसरे पक्ष ने भी तहरीर दी थी। गुरुवार को सांसद उस पक्ष से मिलने पहुंचे। ग्रामीणों ने सांसद के काफिले को काले झंडे दिखाकर मुर्रादाबाद के नारे लगाकर विरोध किया। पुलिस ने लोगों को शांत कराया।
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर सांसद का काफिला गांव खेड़ादास पहुंचा। गांव के बाहर दर्जनों ग्रामीणों ने काली झंडे और विरोधी पोस्टर दिखाते हुए विरोध जताया। सांसद आदित्य यादव प्रतिनिधि मंडल में सपा जिलाध्यक्ष आशीष यादव, सहसवान विधायक बृजेश यादव, शेखूपुर विधायक हिमांशु यादव व अन्य सपा नेताओं के साथ दूसरे पक्ष के पास पहुंचे। उनकी बात सुनी। समस्या बताते हुए वह पक्ष रोने लगा। कहा कि उनकी तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट तक दर्ज नहीं की। सांसद ने उन्हें दिलासा देते हुए हरसंभव मदद का भरोसा दिया। मौके पर पहुंचे सीओ बिसौली सुनील कुमार व थाना प्रभारी रामेंद्र सिंह जानकारी की। सीओ ने कहा कि विवेचना चल रही है। दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सांसद के साथ पूर्व मंत्री राम आश्रय विश्वकर्मा, पूर्व विधायक प्रेमपाल सिंह यादव, पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह प्रदेश, शशिकांत विश्वकर्मा, जिला महासचिव सुरेश पाल सिंह चौहान, हरिश्चंद्र मैथल, उदयवीर शाक्य, सुनील यादव, राजपाल शर्मा, सुरेंद्र यादव, रचित गुप्ता आदि उपस्थित रहे। सीओ बिसौली ने बताया कि सांसद गांव पहुंचे थे। कार्रवाई के लिए कहा है। विवेचना चल रही है। जांच की जा रही है। निर्दोषों को नहीं फंसाया जाएगा।
