Lucknow News: गेम खेलने के दौरान नहीं, फंदे पर लटकने से हुई थी विवेक की मौत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का गहराया रहस्य

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचारः इंदिरानगर के शिवाजीपुरम में 13 वर्षीय विवेक कश्यप की मौत मोबाइल पर फ्री-फायर गेम खेलने के दौरान नहीं, बल्कि फंदा लगाकर आत्महत्या करने से हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग की पुष्टि हुई है। बुधवार को परिवारवाले बुखार और मोबाइल गेम खेलने की कहानी बताते रहे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस का परिवार पर शक गहरा गया। एसीपी गाजीपुर अनिद्य विक्रम सिंह ने बताया कि अंतिम संस्कार के बाद शुक्रवार को घरवालों से पूछताछ की जाएगी।

एसीपी ने बताया कि मां प्रेम कुमारी और बहनें पिंकी, चांदनी व अंजू ने प्रारंभ में पोस्टमार्टम से मना किया था। उनका कहना था कि विवेक तीन-चार दिन से बुखार था और गेम खेल रहा था। दोपहर में बहन अंजू लौटने पर विवेक चारपाई पर अचेत मिला। अनहोनी की आशंका पर पुलिस ने दबाव डालकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

गुरुवार शाम रिपोर्ट से स्पष्ट हुआ कि मौत आत्महत्या से हुई। पुलिस जांच कर रही है कि परिजन क्यों गेम की कहानी बता रहे थे और क्या किसी बात को छिपा रहे थे। विवेक मूल रूप से सीतापुर के नैमिष ठाकुरनगर का रहने वाला था और करीब एक साल से मां व बहनों के साथ शिवाजीपुरम में किराए पर रह रहा था।

इंस्पेक्टर सुनील कुमार तिवारी ने बताया कि विवेक का मोबाइल अभी लॉक है। तकनीकी एक्सपर्ट की मदद से उसे खोलकर हिस्ट्री चेक की जाएगी। प्रारंभिक जांच में गेम खेले जाने की पुष्टि नहीं हुई।

जांच के प्रमुख बिंदु:

-भाई-बहन में कोई विवाद तो नहीं था।
-अगर आत्महत्या, तो कारण क्या, कहीं कोई गेम ब्लैकमेल तो नहीं कर रहा था।
-घर में किसी ने डांटा या प्रताड़ित किया था या कोई बाहरी शख्स शामिल तो नहीं था।

संबंधित समाचार