Stock Market Closed: लिवाली से लगातार तीसरे दिन बढ़त के साथ बंद हुए शेयर बाजार... 484 अंक उछला सेंसेक्स, निफ्टी 25,700 पार 

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

मुंबई। प्रमुख बैंकों एवं पेट्रोलियम शेयरों में खरीदारी और विदेशी कोषों की लिवाली के दम पर घरेलू शेयर बाजार शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन बढ़त के साथ बंद हुए। सेंसेक्स 484 अंक उछल गया जबकि निफ्टी 25,700 के ऊपर बंद हुआ। बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में 484.53 अंक यानी 0.58 प्रतिशत उछलकर 83,952.19 अंक पर बंद हुआ। 

कारोबार के दौरान एक समय यह 704.58 अंक बढ़कर 84,172.24 अंक पर पहुंच गया था। एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी भी 124.55 अंक यानी 0.49 प्रतिशत चढ़कर 25,709.85 अंक पर पहुंच गया। सेंसेक्स के समूह में शामिल कंपनियों में से एशियन पेंट्स में सबसे अधिक 4.18 प्रतिशत की तेजी आई। महिंद्रा एंड महिंद्रा, भारती एयरटेल, आईटीसी, हिंदुस्तान यूनिलीवर, आईसीआईसीआई बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज भी लाभ में रहीं। 

हालांकि, इन्फोसिस, एचसीएल टेक, इटर्नल, टेक महिंद्रा और टाटा स्टील के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बृहस्पतिवार को 997.29 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे। घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने भी पिछले कारोबार में 4,076.20 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। एशिया के अन्य बाजारों में, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी सकारात्मक दायरे में बंद हुआ, जबकि जापान का निक्की, चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग गिरावट के साथ बंद हुए। 

यूरोप के बाजार दोपहर कारोबार में गिरावट का रुख था। अमेरिकी बाजार बृहस्पतिवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.92 प्रतिशत गिरकर 60.50 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। बीएसई सेंसेक्स बृहस्पतिवार को 862.23 अंक उछलकर 83,467.66 अंक और निफ्टी 261.75 अंक बढ़कर 25,585.30 अंक पर रहा था।

ये भी पढ़े : 

Stock Market Closed: ट्रंप के बयान और रुपये की मजबूती से शेयर बाजारों में तेजी..निवेशकों ने बाजार में जमकर लगाया पैसा, फायदे में ये शेयर 

 

 

संबंधित समाचार