अमरोहा : 9 साल पुरानी रंजिश में की थी किसान भूरा की हत्या

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

शराब पार्टी में ही रच डाली थी साजिश, विवाद होते ही तीन गोलियां मार कर दी हत्या

अमरोहा, अमृत विचार: दावत के दौरान किसान अभिषेक उर्फ भूरे की गोली मारकर की गई हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने दो हत्यारोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने 9 साल पुरानी रंजिश का बदला भूरे की हत्या कर के लिया। दावत में दो गोलियां मारकर उसकी हत्या की थी। आरोपियों के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल किया गया तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है। जबकि अभी षड़यंत्र में शामिल कई आरोपी फरार हैं।

गुरुवार को एसपी अमित कुमार आनंद ने प्रेस वार्ता कर हत्या का खुलासा किया है। यह घटना 12 अक्टूबर की रात अमरोहा देहात थाना क्षेत्र के कांठ रोड स्थित एक होटल से करीब 500 मीटर आगे समरपाल सिंह चौहान के घेर में हुई थी। देहात थाना क्षेत्र के हाशमपुर गांव निवासी किसान अभिषेक रविवार को दावत में शामिल होने आए थे। यह दावत नगरपालिका से जुड़े ठेकेदार व अन्य लोगों द्वारा रखी गई थी। इसमें पालिका के वार्ड 12 से जुड़े कुछ गांवों के लोग शामिल थे। कुछ लोगों ने दावत के पंडाल के बगल में अभिषेक की गोली मारकर हत्या कर दी। हमलावरों ने उनके सिर में तीन गोली मारीं जिससे उनकी मौके पर मौत हो गई।

अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश भदोरिया व सीओ सिटी शक्ति सिंह व सीओ अवधभान भदोरिया ने मौके पर पहुंचकर जांच की थी। फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की टीम ने भी मौके पर साक्ष्य जुटाए थे। मामले में मृतक के भाई प्रेम सिंह की तहरीर पर अज्ञात हत्यारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर किया गया था। पुलिस की कई टीमें छानबीन में लगी थी। सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से आरोपियों की पहचान की गई। पुलिस ने गुरुवार को कांठ बाईपास रोड के पास से दोनों आरोपियों अनुज और हरवेंद्र निवासी गांव हासमपुर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने बताया कि वर्ष 2016 में दोनों पक्षों के बीच जानलेवा हमले का एक मामला दर्ज हुआ था, जिसका बाद में समझौता हो गया था। घटना वाली रात पार्टी में शराब पीने के बाद भूरे ने आरोपियों को ताने दिए, जिससे आहत होकर अनुज, हरविंद्र, मनोज व अन्य ने हत्या की साजिश रची। इसके बाद पर्दे के पीछे से अनुज ने तमंचे से भूरे सिंह पर फायर कर उसकी हत्या कर दी। बाद में सीने में भी दो फायर किए थे। एसपी ने बताया कि दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। जबकि अन्य आरोपियों की तालाश की जा रही है।

संबंधित समाचार