बदायूं : पिकअप में घुसी बाइक, दो युवकों की मौत, एक घायल
शुक्रवार देर शाम बरेली-मथुरा राजमार्ग पर कछला के पास हुआ हादसा
बदायूं, अमृत विचार: बरेली-मथुरा राजमार्ग पर कोतवाली उझानी क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक पिकअप में जा घुसी। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और घायल को हायर सेंटर रेफर किया गया है।
हादसा शुक्रवार देर शाम कोतवाली उझानी क्षेत्र के कस्बा कछला के पास हुआ। एक पिकअप टायर पंचर होने की वजह से राजमार्ग किनारे खड़ी थी। मैकेनिक पंचर ठीक करने में लगा था। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक आई और पिकअप से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार गांव मुरावन नगला निवासी किशन पाल पुत्र धर्मपाल, उनके भांजे गांव सिरासौल निवासी सूरजपाल पुत्र मैकूलाल की मौके पर मौत हो गई। वहीं गांव मुरावन नगला निवासी केशव पुत्र सुरेश घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। तीनों को उझानी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने सूरजपाल और किशन पाल की मौत की पुष्टि कर दी। केशव का प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। मौत के बाद परिजनों में चीत्कार मचा है।
