पीएम मोदी बोले- भारत आतंकी हमलों के बाद अब चुप नहीं रहता, मुंहतोड़ जवाब देता है

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि भारत अब आतंकवादी हमलों के बाद चुप नहीं रहता, बल्कि सर्जिकल और हवाई हमलों के जरिये जवाब देता है। मोदी ने यहां न्यूज चैनेल के निजी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि कई बाधाएं और अवरोधक हैं, लेकिन भारत निर्बाध गति से आगे बढ़ रहा है। 

उन्होंने कहा, ‘‘भारत अब आतंकवादी हमलों के बाद चुप नहीं रहता बल्कि हवाई हमलों, सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर के जरिए मुंहतोड़ जवाब देता है।’’ मोदी ने कहा, ‘‘जब युद्ध विश्व स्तर पर सुर्खियां बन गए, तब भारत ने सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के रूप में आगे बढ़ते हुए आलोचकों को गलत साबित कर दिया।’’ उन्होंने कहा कि भारत रुकने के मूड में नहीं है। 

उन्होंने कहा, ‘‘ आज जब दुनिया में भांति-भांति के ‘रोड ब्लॉक’ हैं, ‘स्पीड ब्रेकर’ हैं, तब ‘अनस्टॉपेबल’ भारत की चर्चा बहुत स्वाभाविक है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम न रुकेंगे और न ही थमेंगे। एक सौ चालीस करोड़ भारतीय पूरी गति के साथ एक साथ आगे बढ़ेंगे।’’ 

मोदी ने कहा, ‘‘आज भारत कमजोर पांच अर्थव्यवस्थाओं (फ्रेजाइल फाइव) से निकलकर दुनिया की शीर्ष पांच अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो गया है...चिप से लेकर जहाजों तक, भारत हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर और आत्मविश्वास से भरा हुआ है।’’  

संबंधित समाचार