न्यायालय की छठी मंजिल से कूदकर महिला स्टेनो ने दी जान : पुलिस कमिश्नर, डीसीपी ईस्ट मौके पर पहुंचे 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कार्यालय संवाददाता, कानपुर, अमृत विचार : न्यायालय की छठीं मंजिल से कूदकर शनिवार दोपहर महिला स्टेनो ने जान दे दी। जमीन पर खून से लतपथ स्टेनो को देख परिसर में हड़कंप मच गया। सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्काल उर्सला पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। चर्चा रही कि किसी मामले की पैरवी को लेकर वह परेशान थीं, जिसके चलते यह कदम उठाया। पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए। खबर पाकर परिजनों में कोहराम मच गया। नाना ने साथी कर्मचारियों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया, जिसकी पुलिस ने जांच कर रही है। 

घाटमपुर के कोटरा मकरंदपुर निवासी 30 वर्षीय नेहा संखवार सिविल जज सीनियर डिवीजन कोर्ट में स्टेनो थीं। बर्रा बाइपास स्थित शनिदेव मंदिर के पास वह किराए पर कमरा लेकर रहती थीं। प्रतिदिन की तरह शनिवार को भी कोर्ट आई थीं। दोपहर करीब ढाई बजे कोर्ट की छठवीं मंजिल से वह गिरीं। सूचना पर कोतवाली पुलिस, फॉरेंसिक टीम व पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल, डीसीपी ईस्ट सत्यजीत गुप्ता मौके पर पहुंचे। उर्सला में डॉक्टरों के मृत घोषित करने के बाद उसकी शिनाख्त एडीजे-टू की स्टेनो नेहा संखवार के रूप में हुई। खबर पाकर सबसे पहले नेहा के नाना जय प्रकाश संखवार मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि चार माह पहले ही उसने नौकरी ज्वाइन किया था। दलित होने के चलते उसे परेशान किया जा रहा था। वह परेशान की जा रही थी, जिससे तनाव में थी। यह बात उसने अपनी मां को कॉल करके बताया था। नाना ने यह भी आरोप लगाया कि वह कूदी नहीं, उसकी हत्या की गई है। उन्होंने कहा पूरे मामले की जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा उन्हें बताया गया कि एक्सीडेंट हुआ है। कोर्ट में कहां एक्सीडेंट होगा। फिलहाल मामले में पुलिस कमिश्नर ने जांच का आदेश दिए हैं। 

फतेहपुर में कानूनगो हैं नेहा के पिता 

नेहा के पिता गोविंद प्रसाद फतेहपुर में कानूनगो व भाई भानु प्रताप दरोगा हैं। भानु की तैनाती इटावा में है। छोटी बहन निशा नौकरी की तैयारी कर रही है। घटना की खबर पाकर परिजनों में कोहराम मच गया और पिता कानपुर के लिए निकले। मां मनोज सूचना मिलते ही बेसुध हो गईं। भाई भी इटावा से शहर के लिए निकल चुके हैं। 

छलांग लगाने की वजह तलाश रही पुलिस

पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने बताया कि खबर पाकर पुलिस व फॉरेंसिक टीम मौके पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की है। पता चला मृतका सिविल जज सीनियर डिवीजन कोर्ट में स्टेनोग्राफर थी। उसने छठी मंजिल से छलांग लगाई है। जिससे जान गई। छलांग लगाने की वजह का अभी तक पता नहीं चला है। पुलिस जांच-पड़ताल करने के साथ कानूनी कार्रवाई कर रही है।

यह भी पढ़ें : बाराबंकी : 51 सौ दीपों से रोशन हुआ शिवधाम, सेल्फी पॉइंट बना आकर्षण का केंद्र

संबंधित समाचार