धावापुर में 77 के नमूने लिए... किसी को नहीं निकला डेंगू-मलेरिया, डिप्टी CMO की टीम ने घर-घर जाकर की जांच
लखनऊ, अमृत विचार : सरोजनी नगर के धावापुर गांव में बुखार से महिला की मौत और 15 से अधिक लोगों के बीमार होने की सूचना पर शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची। टीम ने घर-घर 77 लोगों की डेंगू, मलेरिया की जांच की। इन सभी की रिपोर्ट नेगेटिव आई। अधिकारियों का दावा है कि वृद्धा की मौत सेप्टिक शॉक के साथ हाइपोवोलेमिक शॉक के कारण हुई थी।
धावापुर गांव के राजेंद्र सिंह की पत्नी रानी (60) की मौत हो गई थी। परिजनों के अनुसार एंटीजन जांच में वृद्धा को डेंगू की पुष्टि हुई थी। एलाइजा जांच में रिपोर्ट नेगेटिव आई थी। गांव में बीमारी फैलने की खबर शनिवार को समाचार पत्रों में प्रकाशित होने पर विभागीय अधिकारी जागे।
डिप्टी सीएमओ डॉ. निशांत निर्वाण, जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. रितु, मलेरिया इंस्पेक्टर एके सिंह, सरोजनी नगर सीएचसी के प्रभारी डॉ. चंदन यादव, डॉ. पीयूष अवस्थी, डॉ. रोहित, लैब टेक्नीशियन गणेश तथा जिला स्वास्थ्य निरीक्षक अशोक गांव पहुंचे। आशा बहू के साथ जांच टीम ने मृत महिला के घर व आसपास जांच की। प्राथमिक विद्यालय में शिविर लगाकर मरीज के खून की जांच की। बुखार पीड़ितों के घर में कूलर, फ्रिज के अंदर उत्पन्न मच्छरों को भी देखकर सफाई करने के निर्देश दिए।
ये भी पढ़े :
आरडीटी किट से नहीं एलाइजा टेस्ट से होती है डेंगू की पुष्टि, CMO ने निजी पैथोलॉजी व डायग्नोस्टिक सेंटर संचालकों के साथ की बैठक
