Job Alert: ‘इंडियन ओवरसीज बैंक में निकली बंपर भर्तियां, जानें पूरी details

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

नई दिल्ली। इंडियन ओवरसीज बैंक (आईओबी) के प्रबंध निदेशक और सीईओ अजय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि बैंक ने पिछले ढाई वर्षों में 85 लाख नए चालू और बचत खाते (कासा) खोले, जिनमें 95% बचत खाते हैं। इन खातों में 24,000 करोड़ रुपये जमा हैं, जिस पर कम ब्याज खर्च होता है। कर्ज वितरण में 20.79% की वृद्धि के साथ सितंबर तिमाही में सकल कर्ज 2,77,968 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। शुद्ध ब्याज आय 20.53% बढ़कर 3,059 करोड़ रुपये रही। जुलाई-सितंबर तिमाही में बैंक का शुद्ध लाभ 57.79% बढ़कर 1,226 करोड़ रुपये हो गया, जबकि गैर-निष्पादित परिसंपत्तियां (एनपीए) 2.72% से सुधरकर 1.83% रह गईं।

श्रीवास्तव ने कहा कि शुद्ध ब्याज मार्जिन, संपत्ति पर रिटर्न और एनपीए जैसे प्रमुख मानदंडों में सुधार के साथ आईओबी का प्रदर्शन सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में शीर्ष तीन में है। बैंक, जो कभी भारतीय रिजर्व बैंक की तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई (पीसीए) के तहत था, सितंबर 2021 में इससे बाहर आया और तब से लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। मार्च 2024 तिमाही में बैंक का शुद्ध लाभ पहली बार 1,000 करोड़ रुपये को पार कर गया।

बैंक अगले 6-8 महीनों में बिहार, उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों में 234 नई शाखाएं खोलेगा। वर्तमान में आईओबी की देशभर में 3,374 शाखाएं हैं। चालू वित्त वर्ष में बैंक 1,100 लोगों की भर्ती करेगा, जिनमें से आधे पहले ही नियुक्त हो चुके हैं। बढ़ते कारोबार और नई शाखाओं के लिए यह कदम जरूरी है।

श्रीवास्तव ने निवेशकों के लिए आईओबी को आकर्षक बताते हुए कहा कि सरकार की 94% हिस्सेदारी, 18% सीआरएआर, और 0.28% शुद्ध एनपीए के साथ बैंक का प्रदर्शन मजबूत है। शेयरों की कीमत में वृद्धि और लगातार बढ़ता लाभ निवेशकों के लिए बेहतर रिटर्न का संकेत है। बैंक चालू वित्त वर्ष में 4,000 करोड़ रुपये की पूंजी जुटाने की प्रक्रिया में है, जिसके लिए मंजूरी प्रक्रिया चल रही है। इस साल मार्च में क्यूआईपी के जरिए 1,436 करोड़ रुपये पहले ही जुटाए जा चुके हैं।

संबंधित समाचार