Bareilly: प्रेम प्रसंग नहीं शराब के विवाद में हुई थी अभिषेक की हत्या, चार आरोपियों को किया गया गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र में मेला देखकर लौट रहे युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। खास बात ये कि मृतक परिजनों ने जिन तीन युवकों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया था उनका वारदात कोई लेना देना नहीं निकला। पुलिस ने प्रेम प्रसंग के चलते हत्या से इन्कार किया।

दरअसल बीती 15 अक्टूर की रात रजऊ परसपुर के रहने वाले रिटायर्ड फौजी के बेटे अभिषेक की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई थी। हमलवारों ने अभिषेक के दोस्त विकास को भी घायल कर दिया था। अब विकास के बयानों के आधार पर पांच आरोपियों को चिन्हित कर चार को गिरफ्तार किया गया। एसपी नॉर्थ मुकेश चंद्र मिश्र ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी देते हुए बताया कि अभिषेक अपने दोस्त विकास, प्रमोद और बब्लू के साथ मेला देखने गया था।

शराब की दुकान पर उनका विवाद दीपक पुत्र ईश्वरी प्रसाद, हुकुम सिंह पुत्र लाल सिंह, रौनक पुत्र शेर सिंह और गोपी पुत्र ईश्वरी प्रसाद से हो गया था। लिहाजा विवाद के चलते इन सभी ने मिलकर अभिषेक और विकास पर हमला बोल दिया। जिसमें अभिषेक की मौत हो गई और विकास घायल हो गया था।

 एसपी नॉर्थ के मुताबिक पूर्व में अभिषेक के परिवार की तरफ से जिन आरोपियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी उसमें उनका कोई हाथ नहीं निकला। प्रेम प्रसंग के चलते हत्या की बात जांच में नहीं पता चली। फिलहाल दीपक, हुकुम सिंह, रौनक और गोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। एक आरोपी फरार है जिसकी तलाश की जा रही है। 

संबंधित समाचार