लखीमपुर खीरी : चोर कटर से काट रहे थे बैंक की खिड़की...होमगार्ड की बहादुरी और चौकसी से टली चोरी की वारदात

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मैगलगंज, अमृत विचार। मैगलगंज कस्बे स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा में शनिवार रात अज्ञात चोरों ने खिड़की काटकर चोरी का प्रयास किया, लेकिन पुलिस की सतर्कता और होमगार्ड की बहादुरी से बड़ी वारदात टल गई। चोरों के हाथ बैंक तक पहुंचने से पहले ही पुलिस ने उन्हें खदेड़ दिया। चोरों को दौड़ाते समय होमगार्ड गिरकर चोटिल भी हो गया।
 
घटना रात लगभग दो से तीन बजे के बीच की है। अंधेरे में दो अज्ञात युवक बैंक परिसर की खिड़की को कटर मशीन से काट रहे थे, तभी रात्रि गश्त पर निकले सिपाही लोकेंद्र यादव और होमगार्ड अनुज दीक्षित बैंक के पास पहुंचे। उन्हें संदिग्ध आवाजें सुनाई दीं तो उन्होंने टॉर्च की रोशनी में खिड़की के पास दो युवकों को देखा। होमगार्ड अनुज ने जब उन्हें ललकारा तो चोर गली की ओर भागने लगे। अनुज ने तुरंत पीछा किया, लेकिन ऊंचाई से कूदते समय वह गिरकर घायल हो गए। 

चोट लगने के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और फिर उठकर चोरों का पीछा किया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर चोर भाग निकले। उधर सिपाही लोकेन्द्र यादव ने घटना की सूचना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र कुमार पाण्डेय को दी। कुछ ही मिनटों में पुलिस दल मौके पर पहुंच गया और इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं मिला।

पुलिस ने मौके से कटर मशीन, रॉड और अन्य उपकरण बरामद किए हैं। शाखा प्रबंधक विशाल लाल ने अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है।
इंस्पेक्टर रविन्द्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है, बैंक के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और फिंगरप्रिंट साक्ष्य खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

बैंक अफसरों ने पुलिस टीम को किया सम्मानित 
घटना की सूचना पर पहुंचे बैंक ऑफ बड़ौदा के मुख्य सुरक्षा अधिकारी विकास कुमार और शाखा प्रबंधक विशाल लाल ने पुलिस टीम की तत्परता की सराहना की। उन्होंने प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र पाण्डेय, सिपाही लोकेन्द्र यादव, देवेंद्र सिसोदिया और होमगार्ड अनुज दीक्षित को बैंक में संभावित बड़ी चोरी रोकने के लिए सम्मानित किया।

संबंधित समाचार