बाराबंकी : दीपों की जगमगाहट से अलौकिक हुआ महादेवा मंदिर
मंदिर परिसर में 2100 दीपों का प्रज्जवलन
रामनगर, बाराबंकी, अमृत विचार : छोटी दीपावली के अवसर पर लोधेश्वर महादेवा मंदिर परिसर में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने 2100 दीप प्रज्वलित कर प्रकाश का भव्य आयोजन किया। दीपों की जगमगाहट से पूरा मंदिर प्रांगण अलौकिक दृश्य में परिवर्तित हो गया।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक शरद कुमार अवस्थी एवं नगर पंचायत अध्यक्ष रामशरण पाठक ने शिवलिंग की विधिवत पूजा-अर्चना करने के बाद दीप प्रज्वलन किया। दीपों की रोशनी से मंदिर परिसर आलोकित हो उठा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
युवा वर्ग ने इस सुंदर दृश्य की तस्वीरें और सेल्फियां लेकर उल्लास साझा किया। पूर्व विधायक शरद अवस्थी ने कहा कि जिस प्रकार दीपक जलाने से अंधकार मिटता है, उसी प्रकार हमें अपने भीतर के अहम और कलुषता को दूर कर समाज और राष्ट्र के उत्थान में योगदान देना चाहिए। वहीं अध्यक्ष रामशरण पाठक ने कहा कि दीपावली का पर्व अंधकार पर प्रकाश और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है।
इस अवसर पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख आशीष सिंह, ग्राम प्रधान राजन तिवारी, मंडल अध्यक्ष कमलेश शुक्ल, मंडल व्यापार अध्यक्ष रविकांत पांडेय, चौकी इंचार्ज अभिनन्दन पांडेय, पंडित आदित्यनाथ तिवारी, अयोध्या प्रसाद अवस्थी, अनिल अवस्थी, शैलेंद्र सिंह, रोहित मिश्रा, शुभम युगांत, गोविंदा तिवारी, रवि शर्मा, गोलू सिंह सहित भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता व क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे। इसी तरह ग्राम अमोली कला स्थित माटन ताल पर भी दीपोत्सव कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
यह भी पढ़ें : कानपुर : चाकुओं से गोदकर किसान की हत्या, रक्तरंजित शव मिलने से मचा हड़कंप
