कानपुर : चाकुओं से गोदकर किसान की हत्या, रक्तरंजित शव मिलने से मचा हड़कंप
कार्यालय संवाददाता, कानपुर, अमृत विचार। स्वरूपनगर स्थित मुरारी लाल चेस्ट हॉस्पिटल से लापता किसान का रक्तरंजित शव तीसरे दिन जेके कैंसर संस्थान परिसर में मिलने से हड़कंप मच गया। किसान की चाकुओं से गोदकर हत्या की गई और शव को अस्पताल परिसर में गार्डनिंग एरिया में फेंका गया है। औरैया निवासी किसान पत्नी के फेफड़ों में इंफेक्शन का इलाज कराने आया था और दो माह से पत्नी की देखभाल कर रहा था। सूचना पर एसीपी स्वरूपनगर सुमित सुधाकर रामटेके मौके पर पहुंचे। जांच-पड़ताल के बाद फॉरेंसिक ने टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किया। डीसीपी सेंट्रल की क्राइम ब्रांच टीम ने भी मौके पर पड़ताल की और सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले।
मूलरूप से औरैया के बहादुरपुर सहार के रहने वाले 55 वर्षीय राज कुमार सिंह राजावत खेती-किसानी करते थे। परिवार में पत्नी अनीता, बेटी नम्रता और बेटा विशाल, जो बिहार में प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है। चचेरे भाई तेजेंद्र उर्फ रामजी ने बताया कि भाभी अनीता के फेफड़ों में इंफेक्शन था। जिसके इलाज के लिए करीब डेढ़ माह पहले भाभी को मुरारी लाल चेस्ट हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। देखभाल के कारण राज कुमार खुद भी रह रहे थे।
शुक्रवार शाम को पत्नी अनीता को खाना खिलाने के बाद राजकुमार खुद खाना खाने की बात कहकर अस्पताल से निकले थे। कई घंटे बीत जाने पर जब नहीं लौटे तो पत्नी व बेटी को चिंता हुई। खोजबीन की, लेकिन कोई पता नहीं चला। इस पर शनिवार सुबह स्वरूपनगर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के साथ लोकेशन ट्रेस कर रही थी, इसी बीच रविवार सुबह जेके कैंसर संस्थान परिसर में गार्डनिंग एरिया में रक्तरंजित शव मिलने से हड़कंप मच गया। गार्डनिंग एरिया की जाली तोड़कर शव अंदर फेंका गया था।
हत्या की सूचना पर एसीपी स्वरूपनगर फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की। फॉरेंसिक टीम बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कराए। किसान के शरीर व पेट पर धारदार हथियार के कई निशान मिले हैं। हत्या की खबर पर राजकुमार के परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पाकर बेटा भी बिहार से निकल चुका है। पारिवारिक लोगों ने गांव की रंजिश की आशंका जताई है। जिसके चलते राजकुमार को कई बार जान की धमकी दी गई थी। थाना प्रभारी सूर्यबली पांडेय ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि परिवारिक रंजिश की आशंका नहीं है। फिलहाल हर बिंदु पर जांच की जा रही है।
