लखीमपुर खीरी: त्योहार की खुशियां मातम में बदलीं...ससुराल आए दो लोगों समेत तीन की सड़क हादसे में मौत
पसगवां(लखीमपुर खीरी) मोहम्मदी-शाहजहांपुर मार्ग पर सोमवार की सुबह अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो शाहजहांपुर से अपनी ससुराल आए थे।
शाहजहांपुर की कोतवाली रोजा के गांव सहजनवां निवासी 45 वर्षीय गुड्डू पुत्र रामस्वरूप अपने साथी 50 वर्षीय संतराम पुत्र जोधालाल के साथ मोहम्मदी शाहजहांपुर मार्ग पर पसगवां थाना क्षेत्र के गांव गौहनिया आलम में अपनी ससुराल आए थे। सोमवार की सुबह गौहनिया आलम निवासी 30 वर्षीय हरिपाल पुत्र कालीचरन के साथ तीनों बाइक से वापस अपने घर जाने के लिए निकले। इसी दौरान शाहजहांपुर की तरफ लौटते समय शाहजहांपुर- खीरी जनपद सीमा के निकट सुखेता नदी पुल के करीब तेज रफ्तार में जा रहे अज्ञात वाहन (अनुमानित बस) ने अनियंत्रित होकर बाइक में टक्कर मार दी।
तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पाकर मौके पर मोहम्मदपुर ताजपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। गंभीर घायलावस्था में तीनों को नजदीकी सीएचसी भावलखेड़ा भेजा गया जहां संतराम व गुड्डू को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक उपचार के बाद रेफर होकर शाहजहांपुर जा रहे हरिपाल ने रास्ते में दम तोड़ दिया। हादसे से पहले तीनों साथियों ने ताजपुर में गुटखा आदि खरीदा।
किसी ने भी हेलमेट नहीं लगाया था। हादसे की जानकारी होने के बाद मृतकों के परिवार वालों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर शाहजहांपुर के भावलखेड़ा में शव उतारकर सड़क जाम करने के प्रयास किया जिसे पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए मार्ग खाली कराकर यातायात शुरू कराया। मौके पर सीओ मोहम्मदी अरुण कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक पसगवां जितेंद्र प्रताप सिंह भी भारी संख्या में पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि पुलिस हादसे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
