UP : दिवाली पर छोटे भाई के खून से खेली होली...धारदार हथियार से हमला कर उतारा मौत के घाट

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

मितौली, अमृत विचार। कस्बा कस्ता में सोमवार की देर शाम मामूली विवाद में बड़े भाई ने सगे छोटे भाई की धारदार हथियार से प्रहार कर हत्या कर दी और मौके से भाग निकला। मौके पर पहुंची पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिवार वालों को सौंप दिया है। एएसपी ने भी देर रात घटानास्थल का जायजा लिया।

कस्ता निवासी सतीश उर्फ चौड़ा (21) अपने बड़े भाई सूरज के साथ गाजियाबाद में मजदूरी करता था। दोनों भाई दिवाली मनाने के लिए एक दिन पहले ही घर वापस आए थे, जबकि मंझला भाई विजेंद्र उर्फ बंटी अपनी मां के साथ घर पर पहले से ही रह रहा था।  घर में दिवाली की खुशियां छाई हुई थी। गांव में भी लोग हंसी खुशी त्योहार मना रहे थे। बताते हैं कि रात करीब दस बजे मंझला भाई विजेंद्र उर्फ बंटी गांव से घूमकर घर पहुंचा। वह नशे की हालत में था। किसी बात को लेकर उसका छोटे भाई सतीश उर्फ चौड़ा से विवाद होने लगा। 

दोनों भाइयों के बीच तकरार बढ़ी तो परिजनों ने उन्हें समझाने की कोशिश की। बताते हैं कि इसी बीच बंटी हंसिया उठा लाया और चौड़ा की गर्दन पर जोरदार प्रहार कर दिया, इससे सतीश जमीन पर लहूलुहान होकर गिर पड़ा और तड़पने लगा। इससे उसके परिवार में चीख पुकार मच गई। परिजन उसे अस्पताल ले जा रहे थे। गांव के ही प्राथमिक स्कूल के पास उसकी मौत हो गई। 

मौत की खबर आते ही दिवाली की खुशियां मातम में बदल गई। सूचना मिलते, सीओ मितौली जितेंद्र सिंह परिहार, एसओ मितौली रविन्द्र सोनकर मौके पर पहुँचे। और मामले की जांच पड़ताल की।  देर रात एएसपी अमित राय ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से पूछताछ की। सीओ जितेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि शराब के नशे में भाई ने भाई की हत्या कर दी है। आरोपी की तलाश की जा रही है।

संबंधित समाचार