Bareilly : बहेड़ी में इलेक्ट्रॉनिक्स शॉप और फरीदपुर की सनमाइका फैक्ट्री में आग का तांडव
बरेली, अमृत विचार। दीपावली के जश्न के बीच फरीदपुर और बहेड़ी में आग की वजह से काफी नुकसान हुआ। फरीदपुर में एक सनमाइका फैक्ट्री में आग से दहशत फैल गई। तो दूसरी तरफ बहेड़ी में इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकान में आग लगने से लाखों का सामान जलकर राख हो गया।
बहेड़ी के मोहल्ला लोधीपुर में अंबिका भारद्वाज की भारद्वाज इलेक्ट्रॉनिक नाम से दुकान है। जिसमें नए एलईडी टीवी, पंखे, म्यूजिक सिस्टम और स्पीकर आदि सामान रखा हुआ था। दीपावली के दिन अचानक दुकान से आग की लपटे निकलने लगीं। ये नजारा देख आसपास के लोगों ने बाल्टियों से पानी फेंक कर आग बुझाने की कोशिश की। लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। सूचना के बाद फायर बिग्रेड की गाड़ी पहुंची और काफी कोशिश के बाद आग बुझ सकी। आग के कारणों का पता नहीं लग सका था। निरीक्षक संजय तोमर ने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक दुकान में आग लगी थी जिस पर काबू पा लिया गया। मामले की जांच की जा रही है।
फरीदपुर में एक फैक्ट्री के अंदर आग लगने से दहशत फैल गई। क्षेत्र की इस फैक्ट्री में सनमाइका तैयार किया जाता है। जिसको बीती रात आग ने अपने आगोश में ले लिया। फैक्ट्री के अंदर से भीषण आग की लपटे निकलने लगीं। आग लगने से काफी माल जलकर राख हो गया। लाखों के नुकसान की बात कही जा रही है। करीब 4 घंटे की कवायद के बाद आग पर काबू पाया जा सका। गनीमत रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
