बदायूं : घर से गांव में निकले बुजुर्ग का मिला शव, हत्या की आशंका

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

सोमवार को घर से निकले थे बुजुर्ग, अगले दिन पास के खेत में मिला शव

उघैती/नूरपुर पिनौनी, अमृत विचार। दीपावाली की रात घर से निकले बुजुर्ग का खून से लथपथ शव खेत में पड़ा मिला। कान और नाक से खून निकल रहा था। शरीर पर चोट के निशान थे। बुजुर्ग की हत्या का अंदेशा लगाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। सीओ ने मौका मुआयना किया। मौत के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। 

सोमवार को दीपावली का त्यौहार मनाया जा रहा था। उघैती थाना क्षेत्र के गांव कोठा में आतिशबाजी चल रही थी। गांव निवासी राम प्रकाश (65) दीपावली की रात लगभग 10 बजे तक घर पर परिजनों के साथ रहे। परिजनों से कहा कि वह गांव में मिलने जा रहे हैं। वहीं यह भी कहा जा रहा है कि वह जुआ खेलने के लिए गए थे। जिसके बाद वह वापस नहीं लौटे। परिजनों ने तलाश किया लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला तो परिजन घर आकर सो गए। मंगलवार सुबह लगभग छह बजे राम प्रकाश का खून से लथपथ शव गांव के पास डालचंद यादव के खेत में पड़ा मिला। खेत पर गए ग्रामीणों ने शव देखा। उनके कान और मुंह से खून निकल रहा था। ग्रामीणों ने उनके परिजनों को सूचना दी। रोते बिलखते परिजन मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। प्रभारी निरीक्षक अवधेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूछताछ की। कुछ समय के बाद सीओ बिल्सी संजीव कुमार पहुंचे। फारेंसिक टीम ने साक्ष्य संकलित किए। पुलिस ने शव का पोस्टर्माटम कराया। सीओ ने बताया कि एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला था। पोस्टमार्टम कराया गया है। परिजनों की ओर से तहरीर प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। जल्द ही खुलासा किया जाएगा।

संबंधित समाचार