Ballia News: पुलिस से मुठभेड़ के बाद 50 हजार का इनामी अपराधी गिरफ्तार
बलिया। उत्तर प्रदेश के बलिया में पुलिस से हुई मुठभेड़ के बाद 50,000 रुपये के इनामी अपराधी को बाद गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की पहचान देवरिया जिले के विकास सोनकर के रूप में हुई है और मुठभेड़ में घायल होने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सहायक पुलिस अधीक्षक (उत्तर) दिनेश कुमार शुक्ला ने बताया कि विशेष अभियान समूह और स्थानीय पुलिस की एक संयुक्त टीम ने मंगलवार देर रात मलेरा गांव के पास मोटरसाइकिल पर सवार दो लोगों को रुकने का इशारा किया। उन्होंने कहा कि दोनों ने भागने की कोशिश करते हुए गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। शुक्ला ने कहा कि इस दौरान सोनकर के दोनों पैरों में गोली लगी और उसे पकड़ लिया गया, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एएसपी ने बताया कि अंधेरे का फायदा उठाकर भागे उसके साथी को गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने बताया कि सोनकर दो महीने पहले एक शिक्षक को लूटने और उसकी हत्या करने के मामले में वांछित था।
