बाराबंकी : हादसों में डॉक्टर समेत पांच की मौत, पांच घायल
कार्यालय संवाददाता, बाराबंकी, अमृत विचार : अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में गुड़गांव स्थित मेदांता अस्पताल के एक चिकित्सक समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य डाक्टर समेत पांच लोग घायल हुए हैं।
हैदरगढ़ प्रतिनिधि के अनुसार पहला हादसा सोमवार भोर पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर हुआ। हैदरगढ़ क्षेत्र में थाना लोनीकटरा के अंतर्गत पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के 25वें किमी पर सोमवार तड़के लगभग चार बजे पीछे से आ रही ट्रक ने अर्टिगा कार को टक्कर मार दी। कार में सवार वेस्ट चंपारण बिहार निवासी डॉ. अनिकेत कश्यप (28) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथी डॉ. विजयंत कुमार (29) और चालक सचिन (23) घायल हो गए। सभी मेदांता अस्पताल, गुड़गांव में कार्यरत बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद घायलों को सीएचसी हैदरगढ़ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अनिकेत कश्यप को मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि टक्कर इतनी तेज थी कि कार डिवाइडर पर चढ़कर पलट गई और उसकी छत उड़ गई। सूचना पर एसडीएम राजेश विश्वकर्मा, सीओ समीर कुमार सिंह और कोतवाल अभिमन्यु मल्ल मौके पर पहुंचे। मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
त्रिवेदीगंज प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र में उलटी दिशा में जा रहे बाइक सवार आदित्य वर्मा (25) की सामने से आ रही बोलेरो से भिड़ंत में मौत हो गई। ग्राम इलियासपुर निवासी आदित्य एक मामले की शिकायत करने बाइक से पुलिस के पास जा रहे थे। उसकी मौत के संबंध में पिता सुरेश वर्मा ने थाने में तहरीर देकर लदई का पुरवा निवासी साकेत वर्मा, शिवम और दो अज्ञात पर पहले मारपीट करने तथा उसके बाद बोलेरो से टक्कर मारने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
देवा कोतवाली क्षेत्र के उखड़ी गांव निवासी अवधराम (45) अपनी बेटी प्रियांशी के साथ पैदल ही टिकैतगंज कस्बे जा रहे थे। राजकीय इंटर कॉलेज के पास लखनऊ की ओर से आ रही एक रोडवेज बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में अवधराम की मौत हो गई, जबकि प्रियांशी घायल है। टिकैतनगर थाना क्षेत्र की निर्मला (60) मंगलवार को गांव के बृजेश शर्मा के साथ बाइक से दरियाबाद इलाके के मथुरानगर में दवा लेने जा रही थी। मियांगंज के पास इसी गांव के रामू की बाइक से टक्कर हो गई। सड़क पर गिरने से उनकी मौके पर ही उनकी मौत हो गयी। रामसनेहीघाट प्रतिनिधि के अनुसार कोतवाली क्षेत्र में लखनऊ-अयोध्या एनएच-27 के सर्विस लेन पर बुधवार सुबह दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में गोरखपुर निवासी पोस्टमैन अभिषुजा शुक्ल और धर्मेंद्र कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को 108 एंबुलेंस की मदद से सीएचसी पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। रामनगर प्रतिनिधि के अनुसार थाना क्षेत्र में बाराबंकी गोण्डा हाइवे स्थित ग्राम नचना के निकट पेट्रोल पंप के पास लखनऊ की ओर आ रही बस ने सामने से आ रहे दो वाहनों में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल रिजवान निवासी सआदतगंज व मोपेड पर रामकुमार निवासी मोहल्ला रामनगर एक को पुलिस ने एंबुलेंस से सीएचसी से जिला अस्पताल भिजवाया। रास्ते में ही रिजवान की मौत हो गई।
यह भी पढ़ें :
