गोंडा : पारिवारिक विवाद में बेटे ने की मां की हत्या 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

संवाददाता गोंडा, अमृत विचार : नगर कोतवाली क्षेत्र के बभनी कानूनगो गांव में एक बेटे ने पारिवारिक विवाद के चलते अपनी मां की नृशंष हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि छोटे भाई को नौकरी दिलाने और अपना वेतन मामा को देने से नाराज बेटे का अपनी मां से झगड़ा हुआ और फिर बेटे ने सिलबट्टे से कूंचकर मां को मौत के घाट उतार दिया। इस घटना से पूरे गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हत्यारोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। 

रिश्तों का कत्ल करने वाली यह वारदात बभनी कानूनगो गांव के मजरे पंडितपुरवा की है जहां 60 वर्षीय कांति देवी अपने दो बेटों संदीप व प्रदीप के साथ रहती थी। बताया जा रहा है कांति देवी के पति नगर पालिका में सफाई कर्मी के रूप में कार्यरत थे। उनके पति की मृत्यु हो गई थी। पति की मौत के बाद नौकरी को लेकर दोनों बेटों में विवाद शुरू हो गया था। कांति देवी ने पति के जगह पर छोटे बेटे सूरज वाल्मीकि को नौकरी दिला दी थी, जिससे बड़ा बेटा संदीप नाराज था। जिससे आए दिन घर में विवाद होता रहता था। इसी बात को लेकर संदीप का अपनी मां कांति देवी से विवाद हुआ और इस विवाद में उसने सिलबट्टे से मारकर अपनी मां की हत्या कर दी। बचाने दौड़े अपने मामा को भी डंडे से मारकर लहूलुहान कर दिया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) मनोज कुमार रावत का कहना है कि करीब 4 वर्ष पूर्व संदीप के पिता की मृत्यु हो गयी थी। उसकी मां ने अनुकंपा के अनुसार नौकरी उसे न देकर छोटे बेटे को नौकरी दे दी थी जिससे वह परेशान था और पारिवारिक संपत्ति को लेकर विवाद आए दिन होता रहता था। आज भी संपत्ति को लेकर विवाद हुआ और आवेश में उसने अपनी मां के सिर पर सिलबट्टे से प्रहार कर दिया जिससे मां की मौके पर ही मौत हो गयी। पुलिस सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई में जुटी हुई है।

यह भी पढ़ें : Govardhan Puja: गोंडा में लगा भगवान घनश्याम को 56 भोग... स्वामी नारायण मंदिर में अन्नकूट भंडारे का आयोजन, भक्तों ने ग्रहण किया प्रसाद

संबंधित समाचार