कानपुर: बेरोजगारी से परेशान युवक ने फंदा लगाकर दी जान, भाईदूज के दिन एकलौते भाई की मौत पर बहन हुई बेसुध
कानपुर, अमृत विचार। ग्वालटोली में बेरोजगारी से परेशान युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। भाईदूज के दिन एकलौते भाई की मौत की खबर पाकर बहन बेसुध हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की। शव को पोस्टमार्टम भिजवाया।
एफएम कालोनी निवासी ललित झा प्राइवेट नौकरी करते हैं। परिवार में पत्नी नीतू, बेटी पलक व एकलौता बेटा 23 वर्षीय कृष्णा था। ललित ने बताया कि बेटी स्नातक की पढ़ाई कर रही है। कृष्णा कंस्ट्रक्शन कंपनी में काम करता था।
उन्होंने बताया कि कृष्णा की एक माह पहले नौकरी छूट गई थी, जिससे वह तनाव में रह रहा था। कई जगह उसने काम के लिए आवेदन किया था, लेकिन बात नहीं बनी। हर जगह से आश्वासन मिलने के कारण वह कई दिन से गुमशुम रहने लगा था। भाईदूज पर गुरुवार को उसकी पत्नी बुधवार को बेटी को लेकर मरियमपुर स्थित मायके गई थी।
पिता के अनुसार बुधवार रात खाना खाने के बाद बेटा सोने की बात कहकर कमरे में चला गया था। गुरुवार सुबह करीब 11 बजे तक वह कमरे से बाहर नहीं निकला। दरवाजा खटखटाने पर कोई जवाब नहीं मिला। वह दरवाजा धकियाकर अंदर घुसे तो बेटे का शव फंदे से लटका पाया।
परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची ग्वालटोली पुलिस ने जांच पड़ताल की। थाना प्रभारी ने बताया कि युवक के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिजनों ने बेरोजगारी से परेशान होकर आत्महत्या करने की बात बताई है।
