Ranji Trophy: यूपी-ओडिशा के खिलाड़ियों ने नेट्स पर बहाया पसीना, ग्रीनपार्क में 25 से खेला जाएगा रणजी का दूसरा मुकाबला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर, अमृत विचार। बीसीसीआई की घरेलू शृंखला में रणजी ट्राफी का दूसरा मुकाबला 25 अक्टूबर से ग्रीनपार्क स्टेडियम में यूपी व ओडिशा के बीच खेला जाएगा। इससे पहले घरेलू मैदान पर यूपी टीम सीजन के पहले मुकाबले में आंध्र प्रदेश के साथ मैच ड्रा करा चुकी है। दूसरे मुकाबले के लिए गुरुवार को खिलाड़ियों ने अभ्यास में पसीना बहाया। 

ग्रीनपार्क स्टेडियम पर गुरुवार सुबह यूपी टीम के खिलाड़ियों ने मुख्य कोच अरविंद कपूर और सहायक कोच मो. आमिर की देखरेख में अपनी तैयारियों को संवारा। कप्तान करन शर्मा के साथ आर्यन जुयाल, आराध्य यादव, अभिषेक गोस्वामी, प्रियम गर्ग और माधव कौशिक ने बल्ले चलाकर अपने हाथ खोले।

cats

गेंदबाज आकिब खान, वैभव चौधरी, विप्रराज निगम, शिवम मावी, विजय कुमार की गेंदों पर खिलाड़ियों ने करीब दो घंटे तक कड़ा अभ्यास किया। नेट्स पर एक के एक खिलाड़ी को भेजकर मुख्य कोच और सहायक कोच ने उनकी क्षमता परखी। वहीं दूसरी ओर मेहमान टीम ओडिशा के खिलाड़ियों ने कप्तान शुभ्रांशु सेनापति और उपकप्तान स्वास्तिक की देखरेख में कड़ा अभ्यास किया।

कप्तान और उप कप्तान ने पिच से मिलने वाली मदद को देखा। ओडिशा टीम के बल्लेबाजों ने स्पिन में मददगार पिच से मिलने वाले लाभ को परखा। नेट्स पर ओडिशा के खिलाड़ी अनिल, बादल, गौरव चौधरी, राजेश धूपर, गोविंद, सुनील राउल ने पसीना बहाया। गेंदबाजों ने पिच से मिलने वाले उछाल और टर्न पर अभ्यास किया। 

रिंकू सिंह के विकल्प की तलाश 

पहले मुकाबले में यूपी को हार से बचाकर व बढ़त दिलाने वाले रिंकू सिंह ओडिशा के खिलाफ ग्रीनपार्क मैदान पर नहीं खेलेंगे। रिंकू आस्ट्रेलिया में होने वाली टी-20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल हैं और वह रवाना हो चुके है। पहले मुकाबले में उल्टफेर करने वाले रिंकू के विकल्प की तलाश जारी है।

संबंधित समाचार