Chhath Mahaparva 2025 : पहला अर्घ्य देकर छठ महापर्व की शुरुआत करेंगे सीएम योगी, 200 लोक कलाकार देंगे सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 27 अक्टूबर की शाम 4 बजे सूर्य भगवान को पहला अर्घ्य देकर घाट पर छठ कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे। अखिल भारतीय भोजपुरी समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रभुनाथ राय ने गुरुवार को मुख्यमंत्री से भेंट कर तैयारी पर चर्चा की। 

उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि 27 और 28 अक्टूबर को पूरे प्रदेश में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाए, ताकि श्रद्धालु निर्बाध रूप से छठ मैया की पूजा-अर्चना कर सकें। मुख्यमंत्री ने इस दौरान कहा कि प्रदेश में छठ पर्व के सुचारु आयोजन के लिए सभी जिलों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

प्रभुनाथ राय के नेतृत्व में इस वर्ष लखनऊ के गोमती तट स्थित लक्ष्मण मेला मैदान पर 41वां छठ महापर्व भव्य रूप से आयोजित किया जा रहा है। आयोजन स्थल पर घाटों की सफाई, रंगाई-पुताई और मधुबनी पेंटिंग से साज-सज्जा की जा रही है। 25 अक्टूबर को ‘नहाय-खाय’, 26 अक्टूबर को ‘खरना’, 27 अक्टूबर को संध्या अर्घ्य और 28 अक्टूबर की सुबह अर्घ्य के साथ महापर्व का समापन होगा।

इस दौरान मुख्यमंत्री योगी समेत भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, ऊर्जा मंत्री एके शर्मा, राज्यसभा सांसद अमरपाल मौर्य, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल और कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे।

200 लोक कलाकार देंगे सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

छठ महापर्व पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जिनमें सुप्रसिद्ध लोक गायिका कल्पना पटवारी (असम), गोपाल राय (बलिया) और सुरेश शुक्ला (मुंबई) सहित लगभग 200 लोक कलाकार लगातार 18 घंटे तक प्रस्तुति देंगे।

छठ घाट की व्यवस्था और सजावट में समाज के पदाधिकारी मनोज सिंह, वेद प्रकाश राय, सुनील सिंह, सुरेश कुशवाहा, अम्बरीश राय और अन्य सहयोगी सक्रिय रूप से लगे हुए हैं। भोजपुरी समाज ने आशा व्यक्त की है कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में इस वर्ष का छठ महापर्व लखनऊ ही नहीं, पूरे प्रदेश में श्रद्धा, आस्था और लोकसंस्कृति का अद्भुत संगम बनेगा।

संबंधित समाचार