पहली नवंबर से 30 केंद्रों पर होगी धान की खरीद, 2,369 रुपया प्रति क्विंटल रखा गया है समर्थन मूल्य

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

किसानों को हाइब्रिड धान बीज खरीद का देना होगा प्रपत्र, बिक्री के लिए ऑनलाइन पंजीयन/नवीनीकरण कराना जरूरी।

लखनऊ, अमृत विचार: जिले में पहली नवंबर से 30 क्रय केंद्रों पर धान की सरकारी खरीद शुरू हो जाएगी। इस बार किसानों को हाईब्रिड धान बेचने के लिए केंद्र प्रभारी के पास बीज खरीद का प्रपत्र/बिल जमा करने के साथ पंजीकरण प्रपत्र पर घोषणा पत्र भी भरना होगा।

डिप्टी आरएमओ विपुल सिन्हा ने बताया कि इस वर्ष 25 हजार मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य है। पिछले वर्ष 22 हजार मीट्रिक टन लक्ष्य था। ज्यादा से ज्यादा किसानों को समर्थन मूल्य से लाभान्वित करना है। 12 केंद्र शाखा विपणन, 16 पीसीएफ और दो एफसीआई खोलेगी। इस वर्ष सामान्य धान का समर्थन मूल्य 2,369 रुपया प्रति क्विंटल है। पिछले वर्ष से 69 रुपये मूल्य बढ़ाया गया है। डिप्टी आरएमओ ने कहा कि, केंद्रों पर धान बेचने पर किसानों को उपज के वाजिब धाम मिलेंगे। किसी में झांसे में आकर बाजार में औने-पौने दाम पर धान न बेचें। बिक्री के लिए अभी से ऑनलाइन पंजीयन/नवीनीकरण जरूर कराएं। इससे आगे भीड़ होने पर परेशानी नहीं आएगी।

बटाईदार और पंजीकृत ट्रस्ट भी बेच सकेंगे धान

किसानों के साथ बटाईदार किसानों से भी धान खरीदा जाएगा। बटाईदार को पंजीकरण के समय किसान का सहमति पत्र, किसान के भूलेख व उनका आधार और मोबाइल नंबर देना होगा। ओटीपी के माध्यम से पंजीकरण कराया जाएगा। पंजीकरण प्रपत्र में दर्ज भूमि और धान के रकबे का 100 फीसदी ऑनलाइन सत्यापन होगा। भूस्वामी अपना आधार नंबर डाल कर बटाईदार के पंजीकरण प्रपत्र देख सकते हैं। इसी तरह पंजीकृत ट्रस्ट भी भूलेख/सत्यापित खतौनी, संचालक/अधिकृत प्रतिनिधि के आधार कार्ड व पंजीकरण के समय दर्ज मोबाइल नंबर पर ओटीपी के माध्यम से पंजीकरण कराकर धान बेच सकेंगे।

यह भी पढ़ेंः Andhra Pradesh bus fire: कुरनूल में दिल दहला देने वाला हादसा, यात्रियों से भरी बस में लगी आग, 12 लोग जिंदा जले, राष्ट्रपति और मुख्यमंत्री ने जताया शोक

संबंधित समाचार