शाहजहांपुर : रोजा के हांडा पुल के पास मांझे से कटी युवक की गर्दन, मौके पर मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

चाइनीज मांझे से मौत के बाद सख्त हुई पुलिस, तीन टीमें गठित

शाहजहांपुर, अमृत विचार: प्रतिबंधित चाइनीज मांझे से हुई एक और दर्दनाक मौत के बाद शाहजहांपुर पुलिस सख्त हो गई है। पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी के आदेश पर मांझा बेचने और इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए तीन विशेष टीमें गठित की गई हैं। पुलिस अब उन ट्रांसपोर्ट एजेंसियों पर भी निगरानी रखेगी, जहां से यह खतरनाक मांझा बड़ी मात्रा में शहर में पहुंचता है।

गुरुवार को थाना कांट क्षेत्र के नगला जाजू निवासी 26 वर्षीय रवि शर्मा अपनी पत्नी मोनी के साथ बाइक से लखीमपुर के मोहम्मदी क्षेत्र के शंकरपुर स्थित ससुराल जा रहे थे। रोजा के हांडा पुल के पास चाइनीज मांझे की डोर उनकी गर्दन पर उलझ गई, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। करीब नौ महीने पहले भी पुलिस लाइन में तैनात एक कांस्टेबल की जान इसी तरह के चाइनीज मांझे से चली गई थी। दो-दो मौतों के बावजूद बाजारों और पतंग की दुकानों पर इसका खुला कारोबार जारी था। अब एसपी के निर्देश पर गठित टीमें लगातार बाजारों में छापेमारी कर रही हैं। जानकारी के मुताबिक, पुलिस इस बार सिर्फ दुकानदारों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि उन ट्रांसपोर्टरों की भी पहचान की जाएगी, जिनके माध्यम से मांझे की खेप शहर में पहुंचती है और फिर अलग-अलग दुकानों तक बंटती है। पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने बताया कि विशेष टीमें बाजारों में सक्रिय कर दी गई हैं। ट्रांसपोर्ट एजेंसियों की जांच की जा रही है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बरतने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बेचने या इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

संबंधित समाचार