बरेली : तौकीर के करीबी नफीस और उनकी पत्नी पर मुकदमा

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

वक्फ बोर्ड की जमीन में खेल करने का आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच

बरेली, अमृत विचार: आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां के इशारे पर शहर में बवाल कराने की साजिश रचने के आरोप में जेल में बंद नफीस के खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज किया गया है। नफीस ने पत्नी के साथ मिलकर वक्फ बोर्ड की जमीन में खेल किया है। मामले में पीड़ित ने एसएसपी अनुराग आर्य से शिकायत की। एसएसपी के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने डॉ. नफीस और उनकी पत्नी फरहत बेगम के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज मामले की जांच शुरू कर दी है।

किला थाना क्षेत्र के मोहल्ला साहूकारा निकट राजो वाली मस्जिद निवासी मोहम्मद कमर अख्तर ने बताया कि उनकी दादी नन्हो कुजड़ी ने बमनपुरी स्थित वक्फ संख्या 26 ए में करीब 95 वर्ग गज जमीन पर मकान बनाया था। साथ ही नीचे पांच दुकानें बनी हुई थीं। इसमें से वह एक दुकान में खुद सब्जी की दुकान कर जीवन यापन करती थीं। उन्हें कोई संतान नहीं थी। कमर अख्तर के दादा साबिर हुसैन की सब्जी की दुकान कुतुबखाना सब्जी मंडी पर थी। इस कारण नन्हो का उनके दादा की दुकान पर आना-जाना था। नन्हो ने साबिर हुसैन को अपना मुंह बोला भाई मान लिया था। नन्हो ने निधन से पहले वक्फ संख्या 26 ए वाली संपत्ति को उसके दादा साबिर हुसैन और उनके तीनों बेटों साकिर हुसैन, जाकिर हुसैन और नासिर हुसैन के नाम वसीयत कर दी थी। आरोप है कि उसके पिता साकिर हुसैन का नफीस की कुतुबखाना स्थित चश्मे की दुकान पर आना-जाना था।

आरोप है कि नफीस ने उसके पिता को विश्वास में लेकर वक्फ संख्या 26ए वाली संपत्ति को वर्ष 1996 में 30 साल (जिसका समय जून 2026 में पूरा हो रहा है) के लिए अपनी पत्नी फरहत बेगम के नाम लीज पर ले ली। वर्ष 2022 में उसके पिता का निधन हो गया। इसके बाद नफीस और उनकी पत्नी फरहत बेगम ने धोखाधड़ी कर फर्जी कागजात तैयार कर वक्फ संख्या 26 ए की संपत्ति को अपने दोनों बेटों नौमान खान और फरहान खान के नाम गिफ्ट डीड बनवा ली। इस पर अभी भी काबिज हैं। कमर अख्तर की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

संबंधित समाचार