लखीमपुर खीरी : दो बैंक खातों से 3.77 लाख की ऑनलाइन ठगी
मोबाइल देखकर आरोपी ने उड़ाए रुपये
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार: थाना भीरा क्षेत्र के सिक्ख टाण्डा त्रिकोलिया निवासी निर्मल सिंह के दो अलग-अलग बैंक खातों से करीब 3 लाख 77 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने मामले की शिकायत साइबर थाना लखीमपुर में की है। पुलिस ने एक युवक के नामजद रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सिक्ख टांडा निवासी निर्मल सिंह ने बताया कि उसका मोबाइल फोन 14 सितंबर को लॉक हो गया था। अगले दिन संजय बाजपेई निवासी सेमरिया थाना भीरा उसके पास आया और मोबाइल ठीक करने के बहाने फोन ले लिया। कुछ देर बाद उसने फोन वापस कर दिया, लेकिन मोबाइल पूरी तरह लॉक हो गया। जब पीड़ित ने मोबाइल शॉप पर दिखाया तो बताया गया कि उसका सिम कार्ड खराब हो गया है। बाद में सिम निकलवाने गए तो पता चला कि आधार कार्ड भी लॉक हो गया है। जब 18 सितंबर को बैंक गए तो बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा भीरा से 87,000 रुपये और एचडीएफसी बैंक शाखा गोला से 2,90,000 रुपये केसीसी खाते से ऑनलाइन ट्रांसफर कर निकाले जा चुके थे। यह देख पीड़ित के होश उड़ गए। उसने आरोपी के खिलाफ साइबर थाना में तहरीर दी है। साइबर थाना प्रभारी राम खेलावन राना ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपी संजय वाजपेई के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है।
