बरेली : चौबारी मुस्तकिल गांव की जमीन के मुआवजा राशि तय करने की तैयारी
आउटर रिंग रोड और बरेली-बदायूं हाईवे चौड़ीकरण को भूमि का किया जाएगा अधिग्रहण
बरेली, अमृत विचार: पश्विमी आउटर रिंगरोड निर्माण के साथ बरेली-बदायूं हाईवे के चौड़ीकरण को लेकर भूमि अर्जन की प्रक्रिया तेज हो गयी है। बरेली-सितारगंज हाईवे के लिए भूमि अर्जन में हुए घाेटाले से सबक लेते हुए इस बार भूमि अर्जन करने से पहले अधिकारी सक्रिय हो गए हैं। दोनों परियोजनाओं के लिए भूमि अर्जन के लिए मुआवजा की दरें तय करने की प्रकिया शुरू कर दी है। से पहले तीन साल में चौबारी मुस्तकिल गांव की बेची गयी भूमि के बैनामों की जांच शुरू कर दी है। विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी देश दीपक सिंह ने उप निबंधक प्रथम और द्वितीय से 1 मई से पिछले तीन साल तक चौबारी मुस्तकिल गांव में हुए जमीनों के बैनामों का ब्योरा मांगा है।
विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी ने पत्र जारी करके उप निबंधक प्रथम और द्वितीय को कहा है कि राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 530 बी (कासगंज-बदायूं-बरेली के साथ बरेली बाईपास यानि आउटर रिंगरोड) को फोर लेन किया जाना है। इसके लिए आवश्यक जमीन का अधिग्रहण होगा। परियोजनाओं के लिए ग्राम चौबारी मुस्तकिल तहसील सदर में भूमि अर्जन के लिए सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने अधिसूचना भी जारी कर दी है। 1 मई काे इसका प्रकाशन राष्ट्रीय राजमार्ग अधिनियम-1956 की धारा 3-क की उपधारा-1 के अंतर्गत किया जा चुका है। उन्होंने कहा है कि भूमि अर्जन के प्रतिकर निर्धारण करने के लिए गजट में प्रकाशन की तिथि 1 मई से तीन वर्ष पूर्व विक्रय पत्रों की सूची एवं डीएम द्वारा निर्धारित सर्किल रेट की स्टांप सूची की बुकलेट भी उपलब्ध करा दें, जिससे प्रतिकर निर्धारण की कार्रवाई की जा सके।
