Silver Rate: चांदी के दाम गिरने से निवेशक ठिठके...आभूषण कारोबार में हो सकता इजाफा, पटरी पर कारखाने
कानपुर, अमृत विचार। चांदी के दामों में गिरावट से निवेशक बाजार से ठिठक गए हैं। उधर दामों में गिरावट से अब आभूषण कारोबार में इजाफा होने की संभावना से भी कारोबारी इनकार नहीं कर रहे हैं। माना जा रहा है कि सोमवार से बाजार अपना रुख सामने ला सकता है। फिलहाल व्यापारी व निवेशक बाजार का रुख भांपने में लगे हुए हैं। चांदी के दामों में अचानक गिरावट आने के बाद निवेशक, थोक व फुटकर व्यापारी अब बाजार का रुख समझने में जुट गए हैं।
त्योहार के तुरंत बाद सोमवार से रिटेल बाजार में क्या संभावना बनती है इसका आंकलन बाजार में लगाया जा रहा है। फिलहाल निवेशक की बात की जाए तो ऐसे निवेशक जो हाजिर भाव में चांदी खरीदने के लिए व्यापारियों के संपर्क में थे वे अब रुक गए हैं। इसके अलावा वे निवेशक जिन्होंने वेटिंग की वजह से ‘रेट बुक’ करा रखे थे और अपनी चांदी के बारे में पूछताछ कर रहे थे उन्होंने भी खुद को सीमित कर रखा है।
इन सबके बीच यदि आभूषण खरीदारों की बात की जाए तो माना जा रहा है कि सोमवार को बाजार रेट यदि और कम हो जाते हैं तो आभूषण खरीदारों का रुख बाजार की ओर मुड़ सकता है। चांदी के रेट में इजाफा होने के बाद आभूषण खरीदारों ने खुद को बाजार से दूर कर रखा था। इससे रिटेल कारोबार पर सीधा असर पड़ रहा था। बाजार में रिटेल खरीदारी की बात की जाए तो काफी समय से बाजार अपने तय कारोबार के मुकाबले सीमित कारोबार पर ही टिका हुआ था। रिटेल व्यापारी मानकर चल रहे हैं कि फिलहाल जो स्थिति चांदी में चल रही है उससे अगले सप्ताह से बाजार में चांदी के आभूषण खरीदार वापस जुड़ सकते हैं।
बाजार के हाल पर कानपुर बुलियन एंड सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष पं. आशू शर्मा ने बताया कि चांदी के रेट में इजाफा होने पर इस बार धनतेरस पर्व पर भी रिटेल कारोबार हल्का रहा था। अब रेट में परिवर्तन या फिर कमी से बाजार में फुटकर खरीदार वापस आ सकते हैं। बाजार में रेट कम हो या फिर ज्यादा सबसे अधिक प्रभावित आभूषण के खरीदार व रिटेल व्यापारी होते हैं। उम्मींद है सोमवार के बाद बाजार की स्थिति साफ हो सकेगी।
सहालग का असर
चांदी के कारोबारियों में सहालग नजदीक होने पर रिटेल कारोबार में इजाफा होने की उम्मींद जग रही है। उनका कहना है कि यदि चांदी के रेट सोमवार के बाद भी कम होते रहे तो सहालग के लिए आभूषण खरीदार बाजार से खरीदारी कर सकेंगे। इसके उलट यदि चांदी के रेट में इजाफा होता है तो रिटेल बाजार की स्थिति जस की तस बनी रह सकने की संभावना है।
कारीगर की वापसी
आभूषण की बिक्री में इजाफा होने की उम्मींद में चांदी कारखानों में कारीगरों की वापसी शुरु हो गई है। व्यापारियों ने पुराने कारीगरों को छुट्टी खत्म होने के तुरंत बाद वापस आने की बात कह दी है। चांदी के आभूषणों की कम बिक्री से हल्की चांदी के आभूषण बाजार में अधिकता थी। ऐसे में यदि बाजार में ‘भारी’ आभूषण की मांग बढ़ती है तो कारीगरों का तेज काम करना जरूरी है।
