कानपुर : ओमान में नौकरी का झांसा देकर की ठगी, रकम मांगने पर दी जान की धमकी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर, अमृत विचार। रेलबाजार में युवक ने पहचान के व्यक्ति पर ओमान में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 85 हजार रुपये ठगने का आरोप लगाया है। आरोप है कि उसे फर्जी वीजा भी दिया गया, लेकिन किसी कारण वह नहीं जा सका। जब वीजा चेक कराया तो वह फर्जी निकला। ठगी का पता चलने पर रकम वापसी मांगी तो आरोपी ने धमकी दी। पीड़ित ने रेलबाजार में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

रेलबाजार के सुजातगंज निवासी मोहम्मद फैज खान के अनुसार बीती फरवरी माह में उनके परिचित बाबूपुरवा के रहने वाले मोहम्मद इकबाल ने ओमान में क्लीनर की नौकरी का झांसा देकर एक लाख रुपये की मांगे थे। नौकरी के लालच में उन्होंने आरोपी को तीन बार में 85 हजार रुपये दे दिए।

उसके एक माह बाद आरोपी ने ओमान का फर्जी वीजा भी दे दिया। उसने कहा कि कि ओमान की टिकट करा देगा और उसे भेज देगा। लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी उन्हें ओमान की टिकट नहीं मिली। इस पर उन्होंने आरोपी से कई बार पूछताछ की, लेकिन वह टरकाता रहा। उसके टरकाने के कारण अगस्त माह में आरोपी से अपनी रकम मांगी तो उसने एक माह में ओमान भेजने का वादा किया।

उसका दिया समय भी बीत गया और जब उसे टिकट नहीं मिला तो आरोपी के वीजा की जांच करवाई। इस पर पता चला कि वीजा फर्जी है। इसके बाद सितंबर माह में उन्होंने आरोपी से रकम मांगी तो वह फिर टरकाने लगा। दबाव बनाने पर उसने पैसे देने से मना कर दिया। उसे व उसके परिवार को धमकी दी। इस पर पीड़ित ने रेलबाजार थाने में शिकायत की। थाना प्रभारी जितेंद्र प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।

महिला से ठगे 25 हजार

कानपुर। कैंट में शातिर ने महिला को गलत ट्रांजेक्शन का झांसा देकर 25 हजार रुपये ठग लिए। पीड़िता ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। कैंट के नवशील अपार्टमेंट निवासी शालिनी शुक्ला के अनुसार 11 अक्टूबर की शाम को उनके नंबर पर अंजान कॉल आई। फोन करने वाले खुद का नाम मनोज कुमार बताया। कहा कि गलती से उनके खाते में 55 हजार रुपये भेज दिए हैं। उनके मोबाइल पर ट्रांजेक्शन का फर्जी मैसेज भी भेजा।

भरोसा होने पर पीड़िता ने आरोपी के दिए नंबर पर 25 हजार रुपये भेज दिए। बाद में महिला ने बैलेंस चेक किया तो ठगी का अहसान हुआ। पीड़िता ने नेशनल साइबर क्राइम में ऑनलाइन रिपोर्ट दर्ज कराई। कैंट थाने में शिकायत की। थाना प्रभारी अरविंद कुमार राय ने बताया कि साइबर सेल की मदद से आरोपी की तलाश की जा रही है।

संबंधित समाचार