25 अक्टूबर : लोकसभा के पहले चुनाव की प्रक्रिया शुरू 

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

नई दिल्ली। हमारा देश दुनिया का सबसे विशाल लोकतांत्रिक राष्ट्र है और लोकतंत्र में चुनाव के महत्व से हम सब परिचित हैं। पच्चीस अक्टूबर, 1951 को देश में पहले लोकसभा चुनाव की प्रक्रिया शुरू हुई, जो 21 फरवरी 1952 को संपन्न हुई। इस चुनाव में 17 करोड़ से अधिक मतदाताओं ने भाग लिया और उन्होंने अंग्रेजों के इस अनुमान को गलत साबित कर दिया कि भारतीय समाज लोकतंत्र का दायित्व नहीं निभा पाएगा। पच्चीस अक्टूबर की तारीख में देश दुनिया के इतिहास में दर्ज प्रमुख घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:- 

1296 : संत ज्ञानेश्वर ने समाधि ली।

1881 : स्पेन के महान चित्रकार, मूर्तिकार और बहुमुखी प्रतिभा के धनी पाब्लो पिकासो का जन्म। वह 20वीं सदी के सबसे प्रभावशाली और महानतम कलाकारों में शामिल किए जाते हैं। 

1947: कश्मीर के महाराजा हरि सिंह ने भारत सरकार से पाकिस्तानी हमले के मद्देनजर मदद की अपील की। 

1964: भारत ने अपना पहला स्वदेशी टैंक विकसित किया। इस टैंक को ‘‘विजयंत’’ नाम दिया गया। 

1964 : राष्ट्रपति कौंडा ने जाम्बिया में सत्ता संभाली। ब्रिटिश शासन से आजादी हासिल करने वाला जाम्बिया नौवां अफ्रीकी देश बना। 

1980: उर्दू के प्रसिद्ध शायर साहिर लुधियानवी का निधन। 

1983 : अमेरिका की सेना ने राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन के आदेश पर छोटे से कैरेबियाई द्वीप ग्रेनाडा पर कब्जा किया। इससे पहले वामपंथियों की बगावत में प्रधानमंत्री मौरिस बिशप मारे गए। 

1990: मेघालय के संस्थापक और राज्य के पहले मुख्यमंत्री विलियमसन अपांग संगमा का निधन। 

2022 : चक्रवात ‘सितरंग’ के कारण बांग्लादेश में 35 लोगों की मौत। 

2022 : ऋषि सुनक ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बने। 

2023 : सोशल मीडिया मंच को बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य के लिए हानिकारक बताते हुए अमेरिका के कई प्रांतों ने मेटा कंपनी पर मुकदमा किया। 

2024: इजराइली हमले में गाजा के खान यूनिस में 36 लोगों की मौत।

संबंधित समाचार