Bareilly : निदा खान बोलीं...तौकीर रजा को हो रही फंडिग की जांच कराएं
बरेली, अमृत विचार। आला हजरत खानदान की बहू रही निदा खान ने फेसबुक पर वीडियो जारी करके शहर में बवाल कराने की साजिश रचने के मुख्य आरोपी आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां पर तमाम गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा है कि तौकीर रजा ने दूसरे समुदाय की 30 लड़कियों का धर्मांतरण करा कर उनकी शादी करवाने का ऐलान किया था। वह सालों से भड़काऊ भाषण देते आ रहे हैं। उनकी लग्जीरियस लाइफ-स्टाइल और मदरसे की फंडिंग की भी जांच होनी चाहिए। पड़ोसी देश और मॉरिशस से भी फंडिंग की जा रही है। वह नेक्सस चला रहे हैं।
निदा खान ने फेसबुक एकाउंट पर वीडियो पोस्ट किया था। इसमें उन्होंने कहा था कि तौकीर रजा के लोग तालिबानी रवैया रखते हैं और वह किसी भी तरह की हरकत कर सकते हैं। यहां तक कि उनकी जान भी खतरे में है। निदा ने वीडियो में तौकीर को माफिया तक बताया है। निदा ने कहा कि भले ही तौकीर रजा जेल में हैं, पर वह दिखाना चाहते हैं कि उनका दबदबा कम नहीं हुआ, इसलिए उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं। निदा ने कहा कि उन्होंने एक्स (ट्विटर) पर शिकायत दर्ज कराई है। उनके मुताबिक उनके पति शिराज रजा के खिलाफ भी गैर जमानती वारंट जारी होने के बावजूद पुलिस उन्हें गिरफ्तार नहीं कर रही। निदा ने आरोप लगाया कि ये परिवार कभी महिलाओं के साथ खड़ा नहीं होता है। इन लोगों ने महिलाओं को खामोश करवाने का तरीका ढूंढ लिया है। अगर कोई औरत कुछ कहेगी तो उसे धार्मिक मुद्दों से जोड़ दिया जाएगा।
कौन हैं निदा खान...
निदा खान समाजसेविका हैं। उनका निकाह 18 फरवरी 2015 को हुआ था। उनकी तरफ से दहेज, घरेलू हिंसा और मारपीट के आरोपों के बाद उनके पति ने उन्हें तीन तलाक दे दिया। उस घटना के बाद उन्होंने तीन तलाक के विरोध में आवाज उठायी और तीन तलाक कानून के लिए भी सक्रिय रहीं। ऐसे में अब वह ‘आला हज़रत हेल्पिंग सोसाइटी’ के नाम से संस्था चला रही हैं, जिससे वह तीन तलाक पीड़ित महिलाओं के हक की लड़ाई लड़ने का काम कर रही हैं।
