Ayodhya News: स्ट्रीट वेंडर को सिपाही ने लाठी से पीटा, फिर पलटा ठेला... इटावा जनपद में तैनात है आरोपी

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

थाना रामजन्मभूमि क्षेत्र अंतर्गत श्रीराम अस्पताल के पास हुई थी घटना। वीडियो वायरल होने पर ड्यूटी से रिलीव सिपाही हुआ। इटावा पुलिस को अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए लिखा पत्र।

अयोध्या, अमृत विचार: एक सिपाही द्वारा स्ट्रीट वेंडर को थप्पड़ मारने व ठेला पलटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। आरोपी सिपाही इटावा जनपद में तैनात है। वर्तमान में वह श्रीराम जन्मभूमि परिसर की सुरक्षा ड्यूटी में तैनात था। इसको संज्ञान में लेते हुए जिला पुलिस ने उक्त सिपाही को ड्यूटी से रिलीव करते हुए इटावा के पुलिस अधीक्षक को पत्र लिख अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की संस्तुति की है। अमृत विचार वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।

घटना श्रीराम जन्मभूमि पथ के पास श्रीराम अस्पताल के समीप की है। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि सिपाही अनूप पांडेय रामपथ पर किनारे ठेले पर पूजन सामग्री बेच रहे युवक के पास जाता है व कुछ बात करता है। इसके बाद वह उसे थप्पड़ मारने लगता है, फिर डंडे से पीटता है। बाद में गुस्से में उसके ठेले को पलट देता है। जिससे ठेले पर रखे प्रसाद, फूल-माला और अन्य सामान सड़क पर बिखर जाते हैं। घटना का वीडियो वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने बना लिया व उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इस पर लोगों ने कमेंट करते हुए सिपाही की करतूत पर नाराजगी जाहिर की। एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी ने बताया कि वायरल वीडियो को संज्ञान में लेते हुए उक्त आरक्षी अनूप पांडेय को ड्यूटी से रिलीव कर दिया गया है। साथ ही उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए इटावा पुलिस को पत्र लिखा गया है।

यह भी पढ़ेंः Ayodhya Kalpvas: सरयू के तट पर कल्पवास कर रहे हजारों श्रद्धालु, कार्तिक पूर्णिमा स्नान कर अनुष्ठान को दी जाएगी पूर्ण आहुति

संबंधित समाचार