Moradabad : शर्मनाक... मदरसे में पढ़ाना है तो बेटी का ‘वर्जिनिटी सर्टिफिकेट’ लेकर आओ

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। मुरादाबाद के लोधीपुर स्थित जामिया अहसानुल बनात गर्ल्स मदरसा में पढ़ने वली कक्षा सात की छात्रा के 8वीं में आने के बाद आगे की पढ़ाई जारी रखने के नाम पर मदरसा प्रबंधन द्वारा वर्जिनिटी सर्टिफिकेट मांगा गया। अभिभावक ने आपत्ति जताई तो उनके साथ अभद्रता की गई। जिसके बाद पीड़ित परिवार ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत  करते हुए कार्रवाई की मांग की। जानकारी पर अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के अधिकारी भी हरकत में आए और शनिवार को टीम मदरसे में जाएगी। पुलिस ने एडिमशन सेल के इंचार्ज शाहजहां को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया है।

चंडीगढ़ निवासी एक व्यक्ति ने बेटी का दाखिला 2024 में कक्षा सात में पाकबाड़ा थाना क्षेत्र के लोधीपुर राजपूत सीएजी पंप के सामने जमिया अहसानुल बनात गर्ल्स में कराया था। पिता ने एसएसपी सतपाल अंतिल को दिए शिकायती पत्र में बताया कि वह छुट्टियों के बाद दोबारा बेटी का कक्षा आठवीं में पढ़ाई के लिए छोड़ने आया तो एडमिशन सेल इंचार्ज शाहजहां व प्रधानाचार्य रहनुमा ने नाबालिग बेटी के दोबारा प्रवेश के नाम पर वर्जिनिटी सर्टिफिकेट मांग लिया। सर्टिफिकेट नहीं देने पर बेटी को टीसी लाने का दबाव बनाया। इस पर एसएसपी ने पाकबाड़ा प्रभारी निरीक्षक को जांच कर आरोपियों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। शुक्रवार को पाकबाड़ा पुलिस ने मदरसे पहुंचकर जांच की।

पूरे मामले पर एसपी सिटी रणविजय सिंह ने बताया कि मदरसा प्रबंधन द्वारा छात्रा का वर्जिनिटी सर्टिफिकेट मांगने के मामले में छात्रा के पिता ने एसएसपी से शिकायत की थी। पाकबाड़ा पुलिस को दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने एडमिशन सेल के इंचार्ज शाहजहां को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

संबंधित समाचार