छठ पर्व : कानपुर में 7 घाटों पर 1 लाख की भीड़ को संभालने का बना एक्शन प्लान, तीन पालियों में अधिकारी करेंगे देखरेख
घाटों पर मजिस्ट्रेट व उप जिलाधिकारियों की तैनाती, नगर निगम के अभियंताओं और सुपरवाइजरों की भी तैनाती
कानपुर, अमृत विचार। छठ पर्व को लेकर शहर के 7 प्रमुख घाटों पर भीड़ संभालने और व्यवस्था की देख-रेख का एक्शन प्लान तैयार हो गया है। प्रशासन के निर्देश पर अलग-अलग विभाग घाटों, नहरों पर साफ-सफाई व्यवस्था, पेयजल व्यवस्था, सड़क यातायात, सामुदायिक सुविधा, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, पथ प्रकाश, गड्ढा मुक्त सड़क को लेकर कार्य करने में जुटे हैं। अनुमान है कि घाट और नहरों पर पूजा करने करीब 1 लाख श्रद्धालु पहुंचेंगे।
शहर के घाटों और नहरों पर 27 अक्टूबर सोमवार की शाम व अगले दिन सुबह बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे। मजिस्ट्रेट व उप जिलाधिकारियों की तैनाती के साथ ही नगर निगम के अभियंताओं और सुपरवाइजरों की भी तैनाती की गई है। तीन पालियों में अधिकारी देखरेख करेंगे।
प्रशासन की ओर से बने कंट्रोल रूम में दर्ज शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने के लिए भी बड़ी टीम लगाई गई है। उप जिलाधिकारी और मजिस्ट्रेट भी दोपहर 2 बजे से राम 8 बजे तक पहले दिन और दूसरे दिन सुबह 4 बजे से सुबह 10 बजे तक घाट और नहर की निगरानी में रहेंगे। ताकि पूजा को सफल पूरा किया जा सके।
घाट नहर संभावित श्रद्धालु
बड़ी नहर अर्मापुर 12-15 हजार
पनकी नहर के पुल पर 30-35 हजार
सीटीआई नहर संजय नगर 7-8 हजार
सचान चौराहे के पास नहर 4-5 हजार
सरसैया घाट 5-6 हजार
अटल घाट 1-1.5 हजार
श्याम घाट परमट 5-6 सौ
