कानपुर में छठ घाट पर अव्यवस्था, सांसद ने अधिकारियों को फटकारा, कहा-करें स्थाई व्यवस्था

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

भाजपा सांसद रमेश अवस्थी ने संबंधित विभागों को दिए सख्त निर्देश

कानपुर, अमृत विचार। छठ पूजा में आखिरी समय तक घाटों पर व्यवस्था न होने पर शनिवार को सांसद रमेश अवस्थी ने अधिकारियों को फटकार लगाई। अपने आवास पर सिंचाई विभाग, नगर निगम, दूरसंचार विभाग और केस्को के अधिकारियों के साथ बैठक कर उन्होंने अधिकारियों से कहा कि छठ पूजा की तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने कहा कि आप लोगों की कमी की वजह से बार-बार निरीक्षण करने की नौबत आ रही है। दोपहर 12:30 बजे सांसद आवास पर आयोजित बैठक में रमेश अवस्थी ने कहा कि इस बार ऐसी स्थाई व्यवस्था की जाए, जिससे हर वर्ष वही समस्याएं न उत्पन्न हों।

सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि सिंचाई विभाग और नगर निगम संयुक्त रूप से घाटों का सुंदरीकरण एवं स्थाई विकास कार्य करें ताकि छठ पूजा के अतिरिक्त भी नागरिक वहां जाकर समय व्यतीत कर सकें। उन्होंने सुझाव दिया कि घाटों को पिकनिक स्पॉट के रूप में विकसित किया जाए, जिससे नगर के नागरिकों को स्वच्छ और सुंदर मनोरंजन स्थल भी उपलब्ध हो सके।

सांसद ने दूरसंचार विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि नहर किनारे बिछी लाइनों को तत्काल हटाया जाएं, ताकि घाटों की सुंदरता और सुरक्षा दोनों बनी रहे। उन्होंने कहा कि छठ पूजा में किसी भी प्रकार की बाधा या असुविधा उत्पन्न होने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

सांसद ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध रूप से कार्य करें। समय रहते सभी तैयारियाँ पूरी कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। बैठक में बैठक में सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता मनोज कुमार, नगर निगम के मुख्य अभियंता सैयद जैदी, दूरसंचार विभाग के महाप्रबंधक प्रभास यादव और केस्को से उदय प्रकाश उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार